पीड़िता का आरोप है कि पुलिस के सामने ही गुड्डू यादव और मनीष कुमार ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग कर दी. गोली चलने की आवाज से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और गांव में डर का माहौल बन गया.
- सोनवर्षा थाना क्षेत्र के अमरपुरी गांव की घटना, पीड़िता ने मीडिया के सामने सुनाई आपबीती
- हवाई फायरिंग से गांव में दहशत, दोनों पक्षों की ओर से दर्ज हुई प्राथमिकी
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के सोनवर्षा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला के साथ कथित रूप से मारपीट और छेड़छाड़ की गई. इतना ही नहीं, सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उसके सामने ही कुछ लोगों द्वारा हवाई फायरिंग कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया. घटना के बाद पीड़िता ने मीडिया के सामने आकर अपनी व्यथा सुनाई है, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी दोषी होंगे उन्हें बख्शा नहीं जाएगा.
जानकारी के अनुसार सोनवर्षा थाना क्षेत्र के अमरपुरी गांव की निवासी कंचन देवी गांव के ही अमर सिंह नामक व्यक्ति के यहां चौका-बर्तन का काम करती हैं. होली के दिन जब वह काम करके घर लौट रही थीं, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी. पीड़िता के अनुसार राजेंद्र पासी, बाबुल पासी, रोहित कुमार और रामायण पासी ने उनके साथ मारपीट और छेड़छाड़ की.
महिला ने बताया कि उस समय वहां गुड्डू यादव, मनीष कुमार समेत 10-15 अन्य लोग भी मौजूद थे. इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पीड़िता का आरोप है कि पुलिस के सामने ही गुड्डू यादव और मनीष कुमार ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग कर दी. गोली चलने की आवाज से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और गांव में डर का माहौल बन गया.
पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने न केवल उनके साथ बदसलूकी की, बल्कि उनके बच्चों के साथ भी मारपीट की. घटना के बाद से उनका पूरा परिवार दहशत में है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में इतना कुछ होने के बावजूद तत्काल किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई.
इधर इस मामले में एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो :




.png)


.png)









0 Comments