निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत पर धमकी का आरोप, चेयरमैन प्रतिनिधि ने कहा– विकास नहीं रुकेगा ..

एक ओर शिकायतकर्ता ने जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी ओर नगर परिषद के चेयरमैन प्रतिनिधि ने इन आरोपों के बीच भी विकास कार्य जारी रखने की बात कही है. 






                                 



- शिकायतकर्ता ने जान से मारने की धमकी का लगाया आरोप
- नगर परिषद प्रतिनिधि बोले– आरोप-प्रत्यारोप के बीच भी विकास कार्य जारी रहेगा

बक्सर टॉप न्यूज, नगर क्षेत्र में नगर परिषद से जुड़े कथित घोटाले की शिकायत के बाद उत्पन्न विवाद अब और गहराता नजर आ रहा है. एक ओर शिकायतकर्ता ने जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी ओर नगर परिषद के चेयरमैन प्रतिनिधि ने इन आरोपों के बीच भी विकास कार्य जारी रखने की बात कही है.

नगर थाना क्षेत्र के पुस्तकालय रोड वार्ड संख्या-17 निवासी राकेश कुमार सिंह ने नगर थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उन्होंने नगर परिषद में रोड-नाली निर्माण में कथित गड़बड़ी को लेकर लोक शिकायत पदाधिकारी के यहां परिवाद दायर किया था. इस मामले में कई कर्मचारियों और योजना से जुड़े लोगों को आरोपित किया गया है.

पीड़ित के अनुसार, 18 मार्च 2026 को उन्हें एक कॉल कर जांच के बहाने इटाढ़ी रोड स्थित पीसी कॉलेज गेट के पास बुलाया गया. वहां पहुंचने पर सोहनी पट्टी निवासी एक युवक अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ मौजूद था. आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए परिवाद वापस लेने का दबाव बनाया और ऐसा नहीं करने पर गोली मारने की धमकी दी.

घटना के बाद राकेश कुमार सिंह ने नगर थाना में आवेदन देकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है और पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

इधर, इस पूरे मामले पर नगर परिषद के चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य नगर परिषद क्षेत्र का विकास है और वे इसी संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा आरोप-प्रत्यारोप लगाए जाते रहेंगे, लेकिन इससे विकास कार्य बाधित नहीं होना चाहिए.

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.










Post a Comment

0 Comments