महिला को गोली दाहिने कंधे के नीचे सीने में लगी है. घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि महिला छह महीने की गर्भवती है और पारिवारिक तनाव से काफी परेशान थी.
- आरा के निजी अस्पताल में चल रहा इलाज, डॉक्टरों ने बताया खतरे से बाहर
- छह महीने की गर्भवती महिला ने युवक से पिस्टल लेकर खुद पर चलाई गोली, पुलिस कर रही जांच
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के कांट गांव में पारिवारिक तनाव से आहत एक गर्भवती महिला ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया. गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर विकास सिंह की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
मिली जानकारी के अनुसार घायल महिला की पहचान कांठ गांव के वार्ड 14 निवासी प्रवीण कुमार सिंह की 23 वर्षीय पत्नी आंचल कुमारी के रूप में हुई है. महिला को गोली दाहिने कंधे के नीचे सीने में लगी है. घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि महिला छह महीने की गर्भवती है और पारिवारिक तनाव से काफी परेशान थी.
घायल आंचल कुमारी ने अपने वीडियो बयान में बताया कि उसका मायका ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के ग्रहत्था गांव में है. उसने वर्ष 2021 में कांठ गांव निवासी प्रवीण कुमार सिंह से प्रेम विवाह किया था. दोनों ने 4 अक्टूबर 2021 को घरवालों के विरोध के बाद मंदिर में शादी कर ली थी. आंचल के अनुसार शादी के बाद से ही उसके मायके वाले इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे थे और अक्सर उसे ताना देते रहते थे.
आंचल ने बताया कि शुक्रवार को वह अपनी गर्भावस्था की जानकारी देने के लिए मायके गई थी. उसे उम्मीद थी कि परिवार वाले खुश होंगे, लेकिन वहां उसे अपनाने से इनकार कर दिया गया और घर से भगा दिया गया. इस घटना से आहत होकर वह वापस ससुराल आई और गांव के ही एक युवक से पिस्टल लेकर खुद को गोली मार ली.
इधर, महिला के पति प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी काफी समय से मानसिक तनाव में थी. शुक्रवार को जब वह जेके सीमेंट प्लांट में अपनी ड्यूटी पर गया हुआ था, उसी दौरान यह घटना हो गई. उन्होंने बताया कि आंचल से उनकी मुलाकात उसके मायके में ही हुई थी, जहां उनके मामा का घर है. वहीं से दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुआ और बाद में उन्होंने विवाह कर लिया.
घटना की सूचना मिलने के बाद ब्रह्मपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि महिला को गोली लगने की सूचना मिली है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि महिला को हथियार कैसे मिला और किस युवक ने उसे पिस्टल उपलब्ध कराया. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.




.png)


.png)










0 Comments