ठठेरी बाजार तक पहुंची चोरी की कड़ी, स्टेशन से पकड़े गए चोरों के खुलासे से ज्वेलरी दुकानों पर छापा ..

संदेह के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लिया गया. सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उन्होंने बताया कि चोरी का सोने का सामान ठठेरी बाजार स्थित पीपी रोड की ज्वेलरी दुकानों में बेचा गया था.







                                         


  • बक्सर स्टेशन पर आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई, दो शातिर चोर गिरफ्तार
  • विकास ज्वेलर्स और सर्वेश वर्मा की दुकान से सोने की चेन व लॉकेट बरामद, दो रिसीवर भी दबोचे गए 

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : ठठेरी बाजार तक फैले चोरी के नेटवर्क का खुलासा उस समय हुआ जब रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेल पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने बक्सर रेलवे स्टेशन से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया. पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने शहर के ठठेरी बाजार स्थित ज्वेलरी दुकानों में छापेमारी कर चोरी के सोने के आभूषण बरामद किए और दो रिसीवरों को भी गिरफ्तार कर लिया.

जानकारी के अनुसार आरपीएफ बक्सर और जीआरपी बक्सर की टीम स्टेशन परिसर में नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान संदेह के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लिया गया. सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उन्होंने बताया कि चोरी का सोने का सामान ठठेरी बाजार स्थित पीपी रोड की ज्वेलरी दुकानों में बेचा गया था.

अभियुक्तों के खुलासे के बाद 1 मार्च की शाम पुलिस टीम ने ठठेरी बाजार में विकास ज्वेलर्स और सर्वेश कुमार वर्मा की दुकान पर छापा मारा. छापेमारी के दौरान चोरी की एक सोने की चेन और दो सोने के लॉकेट बरामद किए गए. इसके बाद दोनों दुकानदारों को चोरी का सामान खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया.

गिरफ्तार चोरों की पहचान चंदन कुमार (30), पिता विश्वनाथ वर्मा, निवासी गगोरा, थाना इंडस्ट्रियल, जिला बक्सर तथा कन्हैया राम (22), पिता विजय नारायण राय, निवासी सिंडिकेट बुधनपुरवा, थाना नगर, जिला बक्सर के रूप में हुई है. वहीं रिसीवर के तौर पर गिरफ्तार व्यक्तियों में सर्वेश कुमार वर्मा (26), पिता राजेंद्र प्रसाद, निवासी पुराना चौक, थाना नगर, जिला बक्सर और विकास कुमार (26), निवासी ठठेरी बाजार, थाना नगर, जिला बक्सर शामिल हैं.

पुलिस ने बरामद आभूषणों को जब्त कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले की जांच जारी है. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.








Post a Comment

0 Comments