महिला अपने एक प्रकरण को लेकर पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास कर रही थी. ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उससे गहन पूछताछ शुरू की गई.
- महिला के साथ पहुंचा था ‘बॉडीगार्ड’ बनकर, पूछताछ में खुली पोल
- सरकारी पिस्तौल जब्त, युवक और उसके चाचा पर प्राथमिकी दर्ज, जेल भेजने की तैयारी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर थाना परिसर में रविवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब पुलिस की वर्दी और सर्विस रिवॉल्वर के साथ पहुंचे एक युवक की सच्चाई पूछताछ के दौरान सामने आ गई. युवती के एक मामले में पुलिस पर दबाव बनाने पहुंचे इस युवक को फर्जी सिपाही पाते ही गिरफ्तार कर लिया गया. मौके से सरकारी हथियार भी जब्त किया गया है.
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब दो बजे विज्ञा कुमारी (30 वर्ष) नामक महिला नगर थाना पहुंची. उसके साथ एक युवक पुलिस वर्दी में मौजूद था और खुद को बॉडीगार्ड की तरह पेश कर रहा था. युवक के पास सरकारी पिस्तौल थी. महिला अपने एक प्रकरण को लेकर पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास कर रही थी. ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उससे गहन पूछताछ शुरू की गई.
पूछताछ के दौरान महिला स्थिति भांपकर चुपचाप थाना परिसर से निकल गई, जबकि युवक वहीं बैठा रह गया. पोस्टिंग, पद और विभागीय नियमों से जुड़े सवालों का वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. सख्ती से पूछताछ में उसने अपना नाम परमजीत सिंह, पिता मनीष कुमार, निवासी गणपत गांव, थाना हिलसा, जिला नालंदा बताया.
उसने स्वीकार किया कि उसके चाचा अमित अभिषेक आरा जिले के एससी-एसटी थाना में पीटीसी पद पर तैनात हैं और वर्दी व पिस्तौल उन्हीं की है. युवक ने बताया कि वह महिला के साथ नवानगर गया था, जहां विपक्षी पक्ष पर दबाव बनाने की कोशिश की गई थी। इसके बाद दोनों नगर थाना पहुंचे थे.
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए जेल भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है. पुलिस ने परमजीत सिंह और उसके चाचा अमित अभिषेक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वर्दी और सरकारी हथियार का दुरुपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.




.png)


.png)
.gif)







0 Comments