महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार का पुतला दहन ..

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता का जीवन काफी कठिन हो गया है.

विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन करते कांग्रेस कार्यकर्ता






                                 




  • रसोई गैस व आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर जताया आक्रोश
  • कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा, आम जनता का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ा

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बढ़ती महंगाई, रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों तथा आवश्यक वस्तुओं के दामों में हो रही वृद्धि के विरोध में रविवार को बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के निर्देश पर बक्सर जिला ओबीसी विभाग कांग्रेस की ओर से जोरदार प्रदर्शन किया गया. जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय के सामने मुख्य सड़क पर केंद्र सरकार के खिलाफ पुतला दहन कर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए महंगाई पर रोक लगाने की मांग उठाई.

कार्यक्रम का आयोजन जिला ओबीसी विभाग कांग्रेस के अध्यक्ष विनोद कुमार मौर्य की अध्यक्षता में किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता का जीवन काफी कठिन हो गया है.

जिला कांग्रेस कमेटी बक्सर के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने कहा कि देश इस समय गंभीर आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है. महंगाई की मार से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के कारण आम परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है और लोगों को रोजमर्रा के खर्च पूरे करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी लगातार देश के ज्वलंत मुद्दों को उठाते हुए जनता की आवाज बनकर संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल सत्ता की राजनीति में लगी हुई है, जिसके कारण देश की अर्थव्यवस्था और आम लोगों की स्थिति दोनों प्रभावित हो रही हैं.

डॉ. मनोज पांडेय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से गरीबों, किसानों, मजदूरों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी. आने वाले दिनों में महंगाई, बेरोजगारी और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा और गांव-गांव तथा घर-घर जाकर लोगों को इन समस्याओं से अवगत कराया जाएगा.

कार्यक्रम में जिला किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संजय कुमार पांडे के साथ संजय कुमार दुबे, त्रियोगी नारायण मिश्रा, अजय यादव, मोहम्मद अयास, विमल चौबे, मुन्ना तुरहा, बबन तुरहा, राकेश यादव, पिंटू दुबे, यतेंद्र गुप्ता सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे. सभी ने एक स्वर में बढ़ती महंगाई के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया.

प्रदर्शन के बाद जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की आपातकालीन बैठक भी आयोजित की गई. बैठक में देश में बढ़ती महंगाई, रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि तथा आम जनता की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई. सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाएगी और जनता की आवाज को बुलंद करेगी.

बैठक में यह भी तय किया गया कि केंद्र सरकार के इस निर्णय का विरोध सड़क से लेकर संसद तक किया जाएगा तथा लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखा जाएगा. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाकर आम जनता को संगठित करने का भी संकल्प लिया.










Post a Comment

0 Comments