वीडियो : बक्सर पहुंचे प्रशांत किशोर, बोले- बिहार में मिला मैंडेट नहीं बल्कि “मैन्युफैक्चर्ड मैंडेट” ..

उन्होंने बिहार की राजनीति और मौजूदा सरकार को लेकर तीखा हमला बोला और कहा कि वर्तमान सरकार को जो जनादेश मिला है, वह वास्तविक नहीं बल्कि “मैन्युफैक्चर्ड मैंडेट” है.

पत्रकारों को संबोधित करते प्रशांत किशोर 

 






                                 



  • बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक, संगठन मजबूत करने पर दिया जोर
  • नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर तंज, कहा- रिमोट कंट्रोल से चलेगी नई सरकार

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत रविवार को जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर बक्सर पहुंचे, जहां उन्होंने नया बाजार स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने बिहार की राजनीति और मौजूदा सरकार को लेकर तीखा हमला बोला और कहा कि वर्तमान सरकार को जो जनादेश मिला है, वह वास्तविक नहीं बल्कि “मैन्युफैक्चर्ड मैंडेट” है.

बैठक के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद जन सुराज के नेताओं ने पश्चिम चंपारण स्थित गांधी भितिहरवा आश्रम में एक दिन का उपवास रखा था. उसी समय यह घोषणा की गई थी कि बिहार में बनी नई सरकार को अपने वादों को पूरा करने के लिए छह महीने का समय दिया जाएगा. इसके बाद जन सुराज के कार्यकर्ता बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत घर-घर जाकर जनता के बीच अपनी बात रखेंगे.

उन्होंने कहा कि आने वाले पांच वर्षों तक इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए वे लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं और संगठन को नए सिरे से मजबूत करने का काम किया जा रहा है, ताकि जनता के मुद्दों को लेकर जन सुराज मजबूती से खड़ा रह सके.

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि वे पहले से ही कह रहे थे कि यह जनादेश मुख्यमंत्री के नाम पर नहीं है. उनका दावा है कि यह “मैन्युफैक्चर्ड मैंडेट” है और भाजपा के लोगों ने 10 हजार रुपये देकर इसे खरीदा है. उन्होंने कहा कि जब जनादेश ही नीतीश कुमार के नाम पर नहीं है तो उनका राज्यसभा जाना तय ही था.

नए मुख्यमंत्री के सवाल पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिहार को ऐसा मुख्यमंत्री मिलने वाला है जिसका रिमोट कंट्रोल गुजरात में होगा. फैसले भले ही बिहार में लिए जाएंगे, लेकिन उनका लाभ गुजरात के लोगों को पहुंचाने के लिए होगा.

प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि जनता ने उन्हें सड़क पर रहने के लिए चुना है और जन सुराज सड़क की राजनीति करेगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता या उनके बच्चों के साथ कभी अन्याय होगा और सरकार की ओर से नाइंसाफी होगी तो जन सुराज पूरी मजबूती के साथ उनके हक की आवाज उठाएगा.

बैठक में तथागत हर्षवर्धन, दिवाकर पाठक, बजरंगी मिश्रा, मनोज उपाध्याय, पूर्व विधायक श्रीकांत पाठक, धंजी पांडेय, प्रमोद राय, मनोज कुमार, आनंद मिश्रा, मणि शंकर पांडेय, धनंजय पासवान, डॉ जीतेन्द्र, कनक लता सिंह और सुभाष राम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.










Post a Comment

0 Comments