बक्सर में पूर्व सैनिकों की एकजुट आवाज, ‘सैनिक कल्याण परिसर’ निर्माण को लेकर सौंपा ज्ञापन ..

बताया कि जिले के करीब 10 हजार सेवानिवृत्त सैनिकों और वीर नारियों के लिए यह परिसर अत्यंत आवश्यक है. प्रस्तावित परिसर में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक, सीएसडी कैंटीन, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय और विश्राम गृह जैसी सुविधाएं शामिल हैं.






                                 



  • 9 वर्षों से लंबित योजना पर जल्द कार्रवाई की मांग
  • 10 हजार पूर्व सैनिकों और वीर नारियों की सुविधाओं से जुड़ा मामला

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले में लंबे समय से लंबित ‘सैनिक कल्याण परिसर’ के निर्माण को लेकर पूर्व सैनिकों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की. बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ, बक्सर के प्रतिनिधिमंडल ने डुमरांव विधायक राहुल सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और 9 वर्षों से अटकी इस महत्वपूर्ण परियोजना को शीघ्र शुरू कराने की मांग उठाई.

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संघ के जिलाध्यक्ष पूर्व सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह ने किया. उन्होंने बताया कि जिले के करीब 10 हजार सेवानिवृत्त सैनिकों और वीर नारियों के लिए यह परिसर अत्यंत आवश्यक है. प्रस्तावित परिसर में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक, सीएसडी कैंटीन, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय और विश्राम गृह जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जो अब तक केवल कागजों में ही सीमित हैं.

पूर्व सैनिकों ने बताया कि वर्ष 2017 से जल संसाधन विभाग में इस परियोजना की फाइल लंबित है, जिससे उन्हें लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने विधायक से आग्रह किया कि इस गंभीर विषय को मुख्यमंत्री स्तर तक पहुंचाया जाए और विभागीय अड़चनों को जल्द दूर कराया जाए. साथ ही, पूर्व में चिन्हित जमीन (खाता-260, खेसरा-941) में किसी प्रकार की बाधा होने पर बक्सर रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड के पास वैकल्पिक सरकारी भूमि उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई.

विधायक बोले – सैनिकों के हित सर्वोपरि
विधायक राहुल सिंह ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि पूर्व सैनिकों की मांगों को प्राथमिकता के साथ मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा और हरसंभव प्रयास कर समाधान कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि वह स्वयं फौजी पृष्ठभूमि से जुड़े हैं और सैनिकों के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.

इस दौरान रामनाथ सिंह ने विधायक के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया और बिंदुवार तरीके से सभी तथ्यों को प्रस्तुत किया, जिसे विधायक ने गंभीरता से सुना और सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया.

अंत में प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख लोगों में रामनाथ सिंह (अध्यक्ष), कर्नल एन एन सिंह (संरक्षक), हरि शंकर सिंह (सेना मेडल), जितेन्द्र प्रसाद सिंह, मिथिलेश कुमार यादव, तारा बाबू सिंह, जयप्रकाश प्रसाद, मोहन यादव, रमाकांत सिंह, विपिन बिहारी सिंह, ध्रुब यादव, अवध यादव, मन जी सिंघानिया, हरि किशुन पाल, सिता राम प्रसाद, जगलाल प्रसाद, दीन दयाल प्रसाद और कैप्टन राजीव रंजन तिवारी सहित अन्य पूर्व सैनिक मौजूद रहे.












Post a Comment

0 Comments