रिहायशी कॉलोनी में चल रही कबाड़ी दुकान से बढ़ी परेशानी, नगर परिषद से कार्रवाई की मांग ..

आवेदन में बताया गया है कि उक्त दुकान लंबे समय से रिहायशी इलाके के बीचो-बीच संचालित की जा रही है, जिससे कॉलोनी के लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.






                                       



- श्री कृष्ण नगर कॉलोनी के निवासी ने कार्यपालक पदाधिकारी को दिया आवेदन
- धूल-मिट्टी, शोर और आगजनी की आशंका को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर परिषद क्षेत्र के श्री कृष्ण नगर कॉलोनी में रिहायशी इलाके के बीच संचालित हो रही एक कबाड़ी दुकान को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी बढ़ गई है. कॉलोनी के निवासी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन देकर दुकान की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.

बक्सर नगर परिषद क्षेत्र के श्री कृष्ण नगर कॉलोनी निवासी रिंकू चौबे ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन देकर कॉलोनी के बीच संचालित हो रही कबाड़ी (स्क्रैप) दुकान पर उचित कार्रवाई की मांग की है. दिए गए आवेदन में बताया गया है कि उक्त दुकान लंबे समय से रिहायशी इलाके के बीचो-बीच संचालित की जा रही है, जिससे कॉलोनी के लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

आवेदन में कहा गया है कि कबाड़ी दुकान के कारण पूरे इलाके में धूल-मिट्टी फैलती है और कबाड़ लाने-ले जाने के दौरान तेज आवाज तथा शोर-शराबा होता रहता है. इसके अलावा आसपास कचरा जमा होने से प्रदूषण की समस्या भी बढ़ रही है, जिससे कॉलोनी में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है.

आवेदक ने यह भी कहा है कि रिहायशी क्षेत्रों में इस प्रकार की व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन के लिए नगर परिषद से उचित अनुमति और लाइसेंस आवश्यक होता है. भूमि उपयोग के नियमों के अनुसार ऐसे व्यवसाय सामान्यतः अधिकृत वाणिज्यिक क्षेत्रों में ही संचालित किए जाने चाहिए. यदि रिहायशी इलाके में इस प्रकार का कारोबार किया जाता है तो इसके लिए विशेष अनुमति की आवश्यकता होती है.

आवेदन में नगर के एक पुराने हादसे का भी जिक्र किया गया है. बताया गया है कि कुछ वर्ष पहले ज्योति प्रकाश चौक के समीप स्थित एक कबाड़ी दुकान में भीषण आग लगने की घटना हुई थी, जिससे आसपास के घरों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा था. ऐसे उदाहरण यह दर्शाते हैं कि रिहायशी क्षेत्रों में कबाड़ी या स्क्रैप से जुड़ा व्यवसाय आगजनी और अन्य जोखिमों का कारण बन सकता है.

इसी को देखते हुए रिंकू चौबे ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि संबंधित दुकान का निरीक्षण कराया जाए और यह जांच की जाए कि दुकान के पास आवश्यक लाइसेंस और अनुमति है या नहीं. यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित संचालक के विरुद्ध आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए. साथ ही कॉलोनी में रहने वाले लोगों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और शांति बनाए रखने के लिए उचित कदम उठाए जाएं.

इस मामले में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ऋत्विक कुमार से बात करने की कोशिश की गई लेकिन फोन नहीं उठाने के कारण उनका पक्ष ज्ञात नहीं हो सका.









Post a Comment

0 Comments