बक्सर स्थापना दिवस पर नगर भवन में भव्य समारोह, दीप प्रज्वलन व सांस्कृतिक कार्यक्रम से गूंजा माहौल ..

कहा कि बक्सर जिला निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, मीडिया कर्मियों, व्यवसायियों, सैनिकों, खिलाड़ियों और कलाकारों के सामूहिक योगदान से जिले को नई पहचान मिल रही है.

 






                                 




  • जिला पदाधिकारी ने दी शुभकामनाएं, विकास यात्रा में सभी वर्गों की भूमिका बताई अहम
  • रंगोली, केक कटिंग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई कार्यक्रम की गरिमा

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के 36वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को नगर भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां दीप प्रज्वलन, केक कटिंग और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ. इस मौके पर जिला प्रशासन और कला एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही.

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला, जिला परिषद अध्यक्षा सरोज देवी, उप विकास आयुक्त श्रीमती निहारिका छवि एवं अपर समाहर्त्ता अरुण कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया. इसके बाद केक काटकर स्थापना दिवस मनाया गया.

जिला पदाधिकारी ने बक्सरवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बक्सर जिला निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, मीडिया कर्मियों, व्यवसायियों, सैनिकों, खिलाड़ियों और कलाकारों के सामूहिक योगदान से जिले को नई पहचान मिल रही है.

उन्होंने बताया कि 17 मार्च 1991 को भोजपुर से अलग होकर बक्सर जिला का गठन हुआ था. प्राचीन काल में बक्सर को “व्याघ्रसर” और “सिद्धाश्रम” के नाम से जाना जाता था. यह महर्षि विश्वामित्र की तपोस्थली, भगवान श्रीराम की शिक्षास्थली तथा भगवान वामन की अवतार स्थली के रूप में प्रसिद्ध है.

समाहरणालय परिसर में जीविका दीदियों, आंगनवाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं द्वारा आकर्षक रंगोली बनाई गई, जिसने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई.

सांस्कृतिक कार्यक्रम में बारूद डांस एकेडमी, ओमकार दुबे, एसएस बालिका उच्च विद्यालय बक्सर, राज +2 उच्च विद्यालय डुमरांव, कैंब्रिज पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बक्सर, सृष्टि कुमारी, नरेंद्र कुमार पांडे, अखिलेश तिवारी, रेडियंट पब्लिक स्कूल, आदर्श बाल विद्यालय बक्सर, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जासो तथा मनोज मोहित सहित विभिन्न प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया.

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने बक्सर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.










Post a Comment

0 Comments