वीडियो : पुलिस पर हमला करने वाले दो शराब तस्कर अवैध हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार ..

पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. इस मामले में अब तक तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इसकी जानकारी एसपी शुभम आर्य ने प्रेस वार्ता में दी.






                                       


  • जवही दीयर पिकेट के दो पुलिसकर्मियों से मारपीट और मोबाइल छीनने के मामले में हुई कार्रवाई
  • सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पहचान, अब तक तीन अभियुक्त गिरफ्तार

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के ब्रह्मपुर थाना पुलिस ने जवही दीयर पिकेट के पुलिसकर्मियों से मारपीट करने के मामले में दो शराब तस्करों को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. दोनों अभियुक्त 2 मार्च को पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने के आरोपित हैं. पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. इस मामले में अब तक तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इसकी जानकारी एसपी शुभम आर्य ने प्रेस वार्ता में दी.

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय रवि कुमार पिता राजन साह तथा रानीसागर निवासी 22 वर्षीय पप्पू कुमार पिता सुरेंद्र तुरहा के रूप में हुई है. एसपी के निर्देशन में एसडीपीओ पोलस्त कुमार द्वारा गठित पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ब्रह्मपुर के पश्चिम टोला से रहथुआ जाने वाले मार्ग के समीप छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान रवि कुमार के कमर से लोहे का देशी कट्टा और जींस के पॉकेट से दो जिंदा कारतूस बरामद हुए. वहीं पप्पू कुमार के पास से तीन जिंदा कारतूस मिले. दोनों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए. पूछताछ में दोनों ने शराब तस्करी में अपनी संलिप्तता और पुलिसकर्मियों की पिटाई में शामिल होने की बात स्वीकार की है.

बताया जाता है कि पूरी घटना 2 मार्च 2026 की दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे की है. उस समय जवही दीयर पिकेट पर तैनात हवलदार रामप्यारे पासवान और सिपाही रौशन कुमार गश्त के दौरान पिकेट के पास स्थित एक किराना दुकान से सामान लेकर लौट रहे थे. इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार करीब आठ-नौ बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. आरोप है कि हाल के दिनों में शराब की खेप पकड़वाने से नाराज बदमाशों ने दोनों पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. मारपीट के दौरान सिपाही रौशन कुमार के सिर पर गंभीर चोट लगी और वे जमीन पर गिर पड़े, जबकि हवलदार रामप्यारे पासवान को भी चोटें आईं. हमलावरों ने दोनों के साथ लात-घूंसों से भी मारपीट की और उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.

घटना के अगले दिन 3 मार्च को हवलदार रामप्यारे पासवान के आवेदन पर ब्रह्मपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. इसके बाद पुलिस ने वीडियो फुटेज और स्थानीय सूत्रों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की. इसी क्रम में पहले आरोपी गोपाल कुंवर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. इसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो अन्य अभियुक्तों को भी पकड़ लिया गया.

एसपी शुभम आर्य ने कहा कि पुलिस पर हमला करने वाले शेष आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून को अपने हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सख्ती से अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगने की उम्मीद बढ़ी है.

पुलिस पर हमले के दो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं. दोनों शराब तस्कर हैं। इनके पास से हथियार और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. इस कांड की यह तीसरी गिरफ्तारी है और शेष अभियुक्तों की पहचान की जा रही है.

वीडियो : 











Post a Comment

0 Comments