वीडियो : स्कूल में 10 छात्र-छात्राएं बेहोश, स्कूल में मचा हड़कंप ..

देखते ही देखते 9:00 बजे तक कई बच्चे बेहोश हो गए. स्थिति गंभीर होते ही प्राथमिक उपचार शुरू किया गया और कुछ बच्चों को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया. इसके बाद एहतियातन 9:30 बजे ही स्कूल की छुट्टी कर दी गई. 






                               


  • कनेहरी उच्च विद्यालय में एक-एक कर गिरे भूखे पेट पहुंचे बच्चे
  • इलाज के बाद सभी सुरक्षित, प्रशासन सख्त—स्कूल टाइम में बदलाव

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : भीषण गर्मी ने सोमवार को ऐसा असर दिखाया कि स्कूल की कक्षा ही बच्चों के लिए मुश्किल बन गई. जिले में 42.27 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच राजपुर प्रखंड स्थित कनेहरी उच्च विद्यालय में करीब 10 छात्र-छात्राएं अचानक बेहोश होकर गिर पड़े. घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि समय पर इलाज मिलने से सभी बच्चों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है.

विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि बच्चे सुबह 6:30 बजे स्कूल पहुंचे थे. चेतना सत्र के बाद 7:30 बजे कक्षाएं शुरू हुईं, लेकिन थोड़ी ही देर में बच्चों को चक्कर और घबराहट होने लगी. देखते ही देखते 9:00 बजे तक कई बच्चे बेहोश हो गए. स्थिति गंभीर होते ही प्राथमिक उपचार शुरू किया गया और कुछ बच्चों को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया. इसके बाद एहतियातन 9:30 बजे ही स्कूल की छुट्टी कर दी गई.

भूखे पेट पहुंचे बच्चे, बढ़ी परेशानी
जांच में सामने आया कि बेहोश हुए अधिकांश बच्चे बिना खाना खाए स्कूल पहुंचे थे. प्रधानाध्यापक ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को भोजन कराकर ही भेजें और पानी की बोतल जरूर दें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके.

डॉक्टरों ने बताई असली वजह
सीएचसी के चिकित्सकों के अनुसार, तेज गर्मी और शरीर में पानी की कमी के कारण बच्चों की तबीयत बिगड़ी. इलाज के बाद दोपहर तक सभी बच्चों को छुट्टी दे दी गई और एंबुलेंस से घर भेजा गया.

स्कूल में नहीं थी जरूरी दवाएं
प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में पानी की व्यवस्था तो है, लेकिन प्राथमिक उपचार की सामग्री नहीं है. ओआरएस और दवाओं के लिए पहले ही पत्र भेजा गया था, लेकिन व्यवस्था नहीं हो सकी. सोमवार को स्थिति संभालने के लिए स्कूल को खुद करीब 2000 रुपये खर्च करने पड़े.

अभिभावकों में मची अफरा-तफरी
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल और अस्पताल पहुंच गए. डॉक्टरों ने भी उन्हें गर्मी में बच्चों की विशेष देखभाल करने की सलाह दी.

डीएम ने मांगी रिपोर्ट
जिलाधिकारी साहिला ने कहा कि घटना की जानकारी ली जा रही है और पूरे मामले की जांच होगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हीट वेव को लेकर सभी स्कूलों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं.

वीडियो : 
















Post a Comment

0 Comments