हिस्ट्रीशीटर करिया सिंह को औद्योगिक थाना पुलिस ने समय रहते पकड़ लिया. उसके पास से लोडेड देशी कट्टा बरामद हुआ है, जिससे साफ है कि वह किसी गंभीर अपराध की फिराक में था.
- गुप्त सूचना पर घेराबंदी, भागने की कोशिश नाकाम
- देशी कट्टा, मोबाइल और बाइक जब्त, आपराधिक मंसूबे ध्वस्त
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में जुटे कुख्यात हिस्ट्रीशीटर करिया सिंह को औद्योगिक थाना पुलिस ने समय रहते पकड़ लिया. उसके पास से लोडेड देशी कट्टा बरामद हुआ है, जिससे साफ है कि वह किसी गंभीर अपराध की फिराक में था. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक संभावित घटना टल गई.
एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी गई है. इसी क्रम में लंबे समय से फरार चल रहे मनीष कुमार उर्फ करिया सिंह की गतिविधियों पर पुलिस की नजर थी. वह दहिवर गांव का निवासी है और उसके खिलाफ औद्योगिक थाना में दर्जन भर से अधिक मामले दर्ज हैं.
सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दहिवर स्थित शिव मंदिर के पास जाल बिछाया. इसी दौरान लाल रंग की हंटर बाइक से दलसागर की ओर तेजी से जा रहे करिया सिंह को घेर लिया गया. पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया.
तलाशी के दौरान उसकी कमर से लोडेड देशी कट्टा और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ. साथ ही उसकी बाइक भी जब्त कर ली गई. पुलिस का मानना है कि वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया.
इस कार्रवाई में औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार शर्मा, सब इंस्पेक्टर सन्तोष दास समेत अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही. पुलिस अब करिया सिंह से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और योजनाओं की गहराई से जांच कर रही है.






.png)











0 Comments