वैशाख पूर्णिमा पर बक्सर में ट्रैफिक प्लान लागू, सुबह 3 बजे से रात 10 बजे तक नो एंट्री ..

एम्बुलेंस, मरीजों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों पर कोई प्रतिबंध लागू नहीं होगा. रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अपने साथ टिकट रखना अनिवार्य होगा. साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि अनावश्यक रूप से चार पहिया वाहनों का उपयोग न करें.







                               


  • घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर रहेगा आंशिक प्रतिबंध, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
  • आम लोगों से अपील—अनावश्यक चार पहिया वाहन से बचें, पार्किंग की विशेष व्यवस्था

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : वैशाख पूर्णिमा के अवसर पर 01 मई 2026 को शहर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है. एसडीएम अविनाश कुमार ने जानकारी दी कि सुबह 04:00 बजे से संध्या 05:00 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर चार पहिया और बड़े वाहनों के प्रवेश पर आंशिक प्रतिबंध रहेगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे.

जारी निर्देश के अनुसार ज्योति चौक–थाना चौक, थाना चौक–नाथ बाबा पुल, थाना चौक–रामरेखा घाट होते हुए पीपी रोड और पुराना सदर अस्पताल मार्ग, सिंडिकेट–जमुना चौक–थाना चौक तथा मठिया पुल–मुनिम चौक जैसे प्रमुख मार्गों पर दोपहिया वाहन को छोड़कर अन्य वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. इससे घाटों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और जाम की स्थिति से बचाव होगा.

चार पहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट भी तय किए गए हैं. गोलम्बर से दानी कुटिया, सिंडिकेट बाईपास, ज्योति चौक, आईटीआई रोड होते हुए मठिया मोड़ तक जाने की अनुमति होगी. वहीं गोलम्बर से सिंडिकेट, ज्योति चौक, अंबेडकर चौक होते हुए इटाढ़ी गुमटी मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा. ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा के लिए भी अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं, ताकि शहर के भीतर आवागमन सुगम बना रहे.

वाहनों की पार्किंग के लिए हवाई अड्डा मैदान, आईटीआई मैदान, बाजार समिति, गोलम्बर पार्किंग स्थल और इटाढ़ी गुमटी के पास रेलवे मैदान को चिन्हित किया गया है. इसके अलावा किला मैदान और उसके पीछे के हिस्से में भी दोपहिया और छोटे वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी.

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, मरीजों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों पर कोई प्रतिबंध लागू नहीं होगा. रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अपने साथ टिकट रखना अनिवार्य होगा. साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि अनावश्यक रूप से चार पहिया वाहनों का उपयोग न करें.

एसडीएम ने बताया कि 01 मई को सुबह 03:00 बजे से रात 10:00 बजे तक शहर में बड़े वाहनों, ट्रैक्टर और पिकअप के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी. बक्सर पुलिस ने कहा है कि वह श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है.














Post a Comment

0 Comments