बक्सर के सभी प्रखंडों में बने मॉडल स्कूलों में नामांकन शुरू, 30 अप्रैल तक मौका ..

प्रत्येक प्रखंड में एक-एक उच्च माध्यमिक विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया गया है. इन विद्यालयों में कक्षा 9 के लिए एक अनिवार्य सेक्शन रखा गया है, जिसमें 40 छात्र-छात्राओं का नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा.
एमपी हाई स्कूल





                               



  • कक्षा 9 में मेधा के आधार पर होगा चयन, हर विद्यालय में 40 सीट अनिवार्य
  • एनएमएमएस परीक्षा को प्राथमिकता, 8वीं के अंकों से भी मिलेगा अवसर

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के सभी प्रखंडों में चयनित मॉडल विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और छात्र-छात्राएं 30 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं. बिहार सरकार की “उन्नत शिक्षा-उज्जवल भविष्य” योजना के तहत विकसित इन विद्यालयों में कक्षा 9 में नामांकन अब पूरी तरह मेधा के आधार पर किया जाएगा, जिससे योग्य विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिल सके.

शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुसार बक्सर जिले के प्रत्येक प्रखंड में एक-एक उच्च माध्यमिक विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया गया है. इन विद्यालयों में कक्षा 9 के लिए एक अनिवार्य सेक्शन रखा गया है, जिसमें 40 छात्र-छात्राओं का नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा. इसके अलावा विद्यालय की क्षमता के अनुसार अन्य सेक्शन भी संचालित किए जा सकते हैं.

नामांकन प्रक्रिया में एनएमएमएस (नेशनल मींस कम मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम) परीक्षा को प्राथमिक आधार बनाया गया है. इस परीक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे. प्राप्त अंकों के आधार पर पारदर्शी तरीके से मेधा सूची तैयार की जाएगी और उसी के अनुसार चयन होगा. यदि आवेदकों की संख्या 40 से अधिक होती है, तो अवरोही क्रम में सूची बनाकर शीर्ष छात्रों का नामांकन किया जाएगा.

यदि किसी प्रखंड में एनएमएमएस परीक्षा में सफल छात्रों की संख्या कम होती है, तो शेष सीटों को भरने के लिए कक्षा 8 की वार्षिक परीक्षा के अंकों के आधार पर अन्य इच्छुक छात्रों को मौका दिया जाएगा. वहीं, जो छात्र एनएमएमएस में सफल होने के बावजूद सीमित सीटों के कारण नामांकन से वंचित रह जाते हैं, उन्हें निकटवर्ती मॉडल विद्यालय या अन्य उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रवेश का अवसर मिलेगा.

विशेष प्रावधान के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) से जुड़ी छात्राओं को संबंधित मॉडल स्कूल में ही पढ़ाई की व्यवस्था दी गई है. साथ ही, प्रोजेक्ट गर्ल्स स्कूल में केवल छात्राओं का ही नामांकन किया जाएगा. निजी विद्यालयों के छात्रों को इस सत्र में सामान्यतः प्रवेश नहीं मिलेगा, हालांकि भविष्य में कॉमन एंट्रेंस टेस्ट के जरिए अवसर मिलने की संभावना जताई गई है.

नामांकन के लिए छात्रों को स्थानांतरण प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, निवास, जाति और आय प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे. विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित सरकारी शुल्क ही लिया जाएगा और अतिरिक्त शुल्क वसूलने पर कार्रवाई की जाएगी.

जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप रंजन ने कहा, "मॉडल विद्यालयों में नामांकन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मेधा आधारित है. सभी विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि समय सीमा के भीतर योग्य छात्र-छात्राओं का नामांकन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ मिल सके."

नामांकन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है. पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सौंपी गई है, जिन्हें पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है.

प्रखंडों में बने मॉडल स्कूल, आवंटित छात्रों की संख्या/17 अप्रैल तक हुए नामांकन 

1. ब्रह्मपुर

जी.बी.ओ हाई स्कूल, बंसवार 279/30

2. नावानगर

हाई स्कूल, नावानगर 129/24

3. सिमरी

हाई स्कूल, सिमरी 25/3

4. चक्की

एम.एस.एस.डी हाई स्कूल, चक्की 37/17

5. केसठ

हाई स्कूल, केसठ 184/12

6. इटाढ़ी

एस.जे.के हाई स्कूल 227/12

7. राजपुर

हाई स्कूल, राजपुर 72/0

8. चौसा

उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, सगरा 85/27

9. चौगाई

हाई स्कूल, मुरार 146/36

10. डुमरांव

राज हाई स्कूल, डुमरांव 147/49

11. बक्सर

एम.पी हाई स्कूल, बक्सर 1544/268
















Post a Comment

0 Comments