सूचना मिली कि महाराजा कोठी के पास पीसीसी सड़क के उत्तरी मोड़ पर दो संदिग्ध युवक बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक के साथ खड़े हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को रोकने का प्रयास किया. पुलिस को देखते ही एक युवक बाइक लेकर फरार हो गया.
- बिना नंबर प्लेट बाइक पर संदिग्ध हालत में खड़े थे दो युवक, एक फरार
- गश्ती के दौरान पुलिस की तत्परता से बड़ी वारदात टली, छापेमारी जारी
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर. नया भोजपुर थाना पुलिस ने विशेष समकालीन अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक युवक को लोडेड देशी कट्टा के साथ धर दबोचा है. पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ‘कोढ़ा गैंग’ से संभावित कनेक्शन की भी गहन जांच में जुट गई है.
प्रभारी थानाध्यक्ष सुमन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्ती पर थी, तभी सूचना मिली कि महाराजा कोठी के पास पीसीसी सड़क के उत्तरी मोड़ पर दो संदिग्ध युवक बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक के साथ खड़े हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को रोकने का प्रयास किया. पुलिस को देखते ही एक युवक बाइक लेकर फरार हो गया, जबकि दूसरे को जवानों ने मौके पर ही दबोच लिया.
तलाशी के दौरान गिरफ्तार युवक की कमर से एक लोडेड देशी कट्टा बरामद किया गया. पूछताछ में उसकी पहचान कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज गांव निवासी कारू कुमार यादव (पिता- महेश यादव) के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में युवक के ‘कोढ़ा गैंग’ से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है. यह गिरोह बैंक से पैसे निकालकर निकलने वाले लोगों को निशाना बनाकर छिनतई और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं को अंजाम देता है.
प्रभारी थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों युवक किस मंशा से इलाके में पहुंचे थे और इनके पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ तो नहीं है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा.






.png)











0 Comments