पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट माने जाने वाले जेपी गंगा पथ को अब पश्चिम दिशा में विस्तार देते हुए बक्सर तक पहुंचाया जाएगा. यह प्रोजेक्ट पीपीपी मोड पर बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के जरिए विकसित किया जाएगा.
- जेपी गंगा पथ के विस्तार को कैबिनेट की मंजूरी, पश्चिम बिहार को मिली बड़ी सौगात
- 100-120 किमी रफ्तार वाला हाई-स्पीड कॉरिडोर बदलेगा विकास और कनेक्टिविटी की तस्वीर
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : पश्चिम बिहार के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है, जहां 90 किलोमीटर लंबे जेपी गंगा पथ विस्तार प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलते ही मनेर-आरा-बक्सर को जोड़ने का रास्ता साफ हो गया है. यह हाई-स्पीड कॉरिडोर न सिर्फ सफर को तेज बनाएगा, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास की दिशा भी बदल देगा.
राज्य कैबिनेट की बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना समेत कुल 63 प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट माने जाने वाले जेपी गंगा पथ को अब पश्चिम दिशा में विस्तार देते हुए बक्सर तक पहुंचाया जाएगा. यह प्रोजेक्ट पीपीपी मोड पर बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के जरिए विकसित किया जाएगा, जिससे इसके जल्द जमीन पर उतरने की उम्मीद बढ़ गई है.
पटना में दीघा से दीदारगंज तक पहले से चालू जेपी गंगा पथ ने ट्रैफिक व्यवस्था को काफी हद तक आसान बना दिया है. अब इसी मॉडल को आगे बढ़ाते हुए मनेर, आरा होते हुए बक्सर तक इसका विस्तार किया जा रहा है. फिलहाल बक्सर से कोईलवर तक फोरलेन सड़क मौजूद है, लेकिन कोईलवर से पटना तक का सफर अभी भी जाम और संकरी सड़कों की वजह से मुश्किल बना रहता है.
इस नए कॉरिडोर के बनने से बक्सर एक बड़े कनेक्टिविटी हब के रूप में उभर सकता है. गंगा किनारे बनने वाली यह आधुनिक सड़क न केवल सफर को सुहाना बनाएगी, बल्कि पर्यटन को भी नई रफ्तार देगी. साथ ही, रास्ते में बनने वाले पुल और कनेक्टिंग रोड आसपास के क्षेत्रों को आपस में जोड़ेंगे, जिससे व्यापार और आवागमन दोनों को मजबूती मिलेगी.
हाई-स्पीड कॉरिडोर पर वाहनों की रफ्तार 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है, जिससे घंटों का सफर अब मिनटों में सिमट सकता है. इसका सीधा असर व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों पर पड़ेगा.
सबसे खास बात यह है कि यह प्रोजेक्ट केवल बक्सर तक सीमित नहीं रहेगा. इसके जरिए उत्तर प्रदेश के बलिया, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, देवरिया और गोरखपुर जैसे शहरों तक सफर आसान होगा. साथ ही, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के जरिए दिल्ली तक की कनेक्टिविटी भी पहले से बेहतर हो जाएगी.
यह परियोजना आने वाले समय में बक्सर और पूरे पूर्वांचल क्षेत्र के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है, जो विकास की रफ्तार को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी.






.png)











0 Comments