बक्सर में छात्रहित की हुंकार, ABVP ने सांसद को सौंपा मांगपत्र ..

परिषद ने अत्याधुनिक ‘G+5’ भवन निर्माण, पुस्तकालय और वाचनालय के विस्तार, कैंटीन की व्यवस्था और रानी घाट के पुनर्निर्माण जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता दी. साथ ही जिले में एक अंगीभूत महिला महाविद्यालय की स्थापना की मांग भी उठाई गई






                               



  • महाविद्यालय में G+5 भवन, पुस्तकालय और महिला कॉलेज की उठी मांग
  • रानी घाट के सौंदर्यीकरण और कैंटीन सुविधा को लेकर भी छात्रों ने जताई नाराजगी

बक्सर टॉप न्यूज,  बक्सर : नगर में छात्रहित को लेकर आवाज एक बार फिर बुलंद हुई है. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) बक्सर इकाई ने महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय की शैक्षिक समस्याओं को लेकर सांसद को मांगपत्र सौंपते हुए बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की जोरदार मांग की. इस दौरान छात्रों ने साफ संकेत दिया कि यदि समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा.

मांगपत्र में कॉलेज की वर्तमान स्थिति और छात्रों को हो रही परेशानियों को विस्तार से रखा गया. परिषद ने अत्याधुनिक ‘G+5’ भवन निर्माण, पुस्तकालय और वाचनालय के विस्तार, कैंटीन की व्यवस्था और रानी घाट के पुनर्निर्माण जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता दी. साथ ही जिले में एक अंगीभूत महिला महाविद्यालय की स्थापना की मांग भी उठाई गई, ताकि छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े.

जिला संयोजक अविनाश पाण्डेय ने कहा कि बक्सर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध है, लेकिन शिक्षा के क्षेत्र में अब भी पिछड़ापन दिखता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि आधुनिक पाठ्यक्रम जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पढ़ाई शुरू करने के लिए संसाधनों का विस्तार बेहद जरूरी है.

नगर मंत्री अभिषेक गुप्ता ने रानी घाट के पुनर्निर्माण को लेकर जोर देते हुए कहा कि यह न सिर्फ ऐतिहासिक धरोहर है, बल्कि छात्रों के लिए एक सकारात्मक वातावरण भी तैयार कर सकता है. उन्होंने कैंटीन जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव को छात्रों के लिए बड़ी समस्या बताया.

कॉलेज अध्यक्ष दुर्गेश पांडेय ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि जल्द पहल नहीं हुई तो विद्यार्थी परिषद व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगी. उन्होंने सांसद से छात्रहित में त्वरित कार्रवाई की अपील की.

मौके पर खेलो भारत के प्रांत सह संयोजक अनीश तिवारी, मनीष सिंह, विराज सिंह, विवेक पांडेय, नंदन कुमार, प्रशांत चौबे, बंटी पटेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे.














Post a Comment

0 Comments