नि:संतान दंपतियों के लिए लगा स्वास्थ्य शिविर, आईवीएफ उपचार से जगी नई आस ..

बताया कि बंद ट्यूब, अनियमित पीरियड, अंडों का न बनना या खराब गुणवत्ता, बार-बार पेशाब आना, पेशाब में बदबू तथा पेट संबंधी समस्याओं के कारण कई बार दंपति संतान सुख से वंचित रह जाते हैं. 





                               


- हरि कृपा आईवीएफ की टीम ने किया मुफ्त जांच व परामर्श
- 200 से अधिक मरीजों ने लिया लाभ, सामाजिक संस्थाओं की रही सक्रिय भागीदारी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर के चीनी मिल स्थित साबित खिदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल परिसर में मंगलवार को आयोजित मेगा हेल्थ कैंप में नि:संतान दंपतियों को आधुनिक चिकित्सा पद्धति से इलाज की सुविधा दी गई. शिविर में दूर-दराज से पहुंचे मरीजों की भीड़ उमड़ी और बड़ी संख्या में लोगों ने विशेषज्ञों से परामर्श लेकर अपनी समस्याओं का समाधान जाना.

हरि कृपा आईवीएफ की ओर से आयोजित इस कैंप में पटना से आई डॉक्टर नेहा ने मरीजों की जांच कर उन्हें उचित इलाज की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बंद ट्यूब, अनियमित पीरियड, अंडों का न बनना या खराब गुणवत्ता, बार-बार पेशाब आना, पेशाब में बदबू तथा पेट संबंधी समस्याओं के कारण कई बार दंपति संतान सुख से वंचित रह जाते हैं. सही समय पर जांच और उन्नत तकनीक से इन समस्याओं का समाधान संभव है.



डॉक्टर नेहा ने कहा कि आईवीएफ तकनीक अब जटिल मामलों में भी उम्मीद की नई किरण बनकर उभरी है और इसके जरिए कई दंपतियों को सफलता मिली है. शिविर में मरीजों को न केवल इलाज की जानकारी दी गई बल्कि उन्हें जागरूक भी किया गया, ताकि वे सही दिशा में कदम बढ़ा सकें.

इस कैंप में करीब 200 मरीजों ने लाभ उठाया. इससे पहले भी संस्था की ओर से कई सफल शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनसे हजारों लोगों को फायदा मिला है. कार्यक्रम में रोटरी साबित खिदमत फाउंडेशन, मानव अधिकार संगठन समेत विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी रही.

साबित खिदमत फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था गरीब और जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है. ऐसे मुफ्त शिविर समाज के वंचित वर्ग के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहे हैं.

कार्यक्रम के दौरान डॉ दिलशाद (साबित खिदमत फाउंडेशन के निदेशक तथा रोटरी अध्यक्ष), विकास (डीजीओ), डॉक्टर नेहा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे. सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए लाभकारी बताया.














Post a Comment

0 Comments