अफवाहों ने मचाया हड़कंप: पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारें, लोगों में मची होड़ ..

कहना है कि बाजार में फैल रही खबरों ने उनकी चिंता बढ़ा दी है. कुछ लोग संभावित कमी की आशंका जता रहे हैं तो कुछ कीमतों में भारी बढ़ोतरी की चर्चा कर रहे हैं. इन्हीं बातों से डरकर लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए दौड़ पड़े हैं.




                               




  • सुबह होते ही पंपों पर उमड़ी भीड़, घंटों इंतजार के बाद मिल रहा तेल
  • प्रशासन बोला—घबराएं नहीं, आपूर्ति सामान्य; अफवाहों पर लगाम जरूरी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : पेट्रोल-डीजल की कथित कमी की अफवाह ने मंगलवार को पूरे शहर की रफ्तार थाम दी. सुबह होते ही विभिन्न पेट्रोल पंपों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों में टंकी फुल कराने की होड़ मच गई, जिससे शहर में अफरातफरी का माहौल बन गया.

मंगलवार की भोर से ही लोग पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे. स्कूली बस, ट्रक, ऑटो और निजी वाहन एक ही लाइन में खड़े नजर आए. कई जगहों पर स्थिति इतनी बिगड़ गई कि यातायात भी प्रभावित हुआ. खासकर महाराजा पेट्रोल पम्प पर भारी भीड़ देखी गई, जहां घंटों इंतजार के बाद लोगों को तेल मिल सका.

वाहन चालकों का कहना है कि बाजार में फैल रही खबरों ने उनकी चिंता बढ़ा दी है. कुछ लोग संभावित कमी की आशंका जता रहे हैं तो कुछ कीमतों में भारी बढ़ोतरी की चर्चा कर रहे हैं. इन्हीं बातों से डरकर लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए दौड़ पड़े हैं.

महाराजा पेट्रोल पंप के प्रबंधक पवन कुमार ने बताया कि सोमवार शाम करीब 4 बजे पेट्रोल खत्म हो गया था, लेकिन मंगलवार सुबह से आपूर्ति लगातार जारी है. उन्होंने कहा कि घबराहट में लोग अधिक मात्रा में तेल भरवा रहे हैं, जिससे भीड़ और अव्यवस्था बढ़ रही है.

स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब बक्सर के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों के कुछ पेट्रोल पंपों पर ताले लटके दिखे. इससे लोगों की परेशानी बढ़ी और कई वाहन चालक तेल की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे.

हालांकि विशेषज्ञों का साफ कहना है कि पेट्रोल-डीजल की कोई वास्तविक कमी नहीं है. उनके अनुसार यह पूरी स्थिति अफवाहों और संभावित कालाबाजारी की आशंका से पैदा हुई है, जो कृत्रिम संकट का रूप ले रही है.

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई पेट्रोल पंपों पर पुलिस बल तैनात किया गया है. वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए और स्थिति की स्पष्ट जानकारी समय-समय पर दी जाए.

एसडीएम अविनाश कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं. उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति लगातार हो रही है और किसी तरह की कमी नहीं है. एक पंप पर तेल नहीं मिलने की स्थिति में दूसरे पंप पर उपलब्धता बनी हुई है.

फिलहाल जरूरत इस बात की है कि अफवाहों पर तुरंत रोक लगाई जाए और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू रखा जाए, ताकि आम जनजीवन फिर से सामान्य हो सके.














Post a Comment

0 Comments