धर्मावती नदी में कूड़ा फेंके जाने पर बढ़ा आक्रोश, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी ..

कूड़े से उठने वाली दुर्गंध और उसमें लगाई जाने वाली आग के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस मार्ग से प्रतिदिन दर्जनों गांवों के लोग और सैकड़ों छात्र-छात्राएं गुजरते हैं, जिनके लिए यहां से गुजरना कठिन हो गया है.

नदी में डंप किया जा रहा कूड़ा 

 






                               


  • नया भोजपुर–डुमरी पथ पर दुर्गंध और हादसों से परेशान लोग
  • तीनों मुखियाओं व ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से डीएम को सौंपा आवेदन

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नया भोजपुर से डुमरी जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे धर्मावती नदी में नगर परिषद डुमरांव द्वारा कूड़ा फेंके जाने के विरोध में स्थानीय लोगों का आक्रोश तेज हो गया है. ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी को आवेदन देकर इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है और चेतावनी दी है कि 15 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा.

ग्रामीणों के अनुसार, बीते कई महीनों से धर्मावती नदी (अम्बोडा) के बीचों-बीच शहर का कचरा डाला जा रहा है. कूड़े से उठने वाली दुर्गंध और उसमें लगाई जाने वाली आग के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस मार्ग से प्रतिदिन दर्जनों गांवों के लोग और सैकड़ों छात्र-छात्राएं गुजरते हैं, जिनके लिए यहां से गुजरना कठिन हो गया है.

आवेदन में बताया गया है कि कूड़ा फेंके जाने के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है. यह मार्ग बड़का सिहनपुरा, काजीपुर, चकनी, खरहाटांड़, डुमरी, चक्की और एकौना गांवों को डुमरांव शहर से जोड़ता है. साथ ही, कोलिया दह से निकलने वाली धर्मावती नदी स्थानीय किसानों के लिए जीवनरेखा है, जिसे कचरे से भरना पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बताया गया है.

काजीपुर मुखिया इम्तियाज अंसारी ने कहा कि नगर परिषद की यह कार्रवाई सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण के साथ खिलवाड़ है. खरहाटांड़ मुखिया रामनारायण कुमार ने कहा कि अगर समय रहते कूड़ा फेंकना नहीं रोका गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा. डुमरी मुखिया प्रेम सागर कुंवर ने बताया कि नदी का प्राकृतिक प्रवाह बाधित हो रहा है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो सकता है.

ग्रामीण सनी ओझा और अभिषेक ओझा ने कहा कि दुर्गंध के कारण इस रास्ते से गुजरना मुश्किल हो गया है और कई बार लोग दुर्घटनाओं का शिकार भी हो रहे हैं.

इस संबंध में काजीपुर मुखिया इम्तियाज अंसारी, खरहाटांड़ मुखिया रामनारायण कुमार, डुमरी मुखिया प्रेम सागर कुंवर के साथ सनी ओझा, अभिषेक ओझा, प्रियांशु ठाकुर, मनीष कुमार यादव, सरोज कुमार वर्मा, दिलीप कुमार ओझा, निरंजन कुमार ओझा, अमित ओझा और संजय कुमार यादव ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी को आवेदन सौंपकर न्यायसंगत कार्रवाई की मांग की है.













Post a Comment

0 Comments