वीडियो : बक्सर में पूर्व सैनिकों का महाजुटान, IESM बैठक में संगठन विस्तार पर बड़ा फैसला ..

कहा कि आई ई एस एम बक्सर सभी पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं के हित में कार्य करता रहेगा, चाहे वे किसी भी संगठन से जुड़े हों या न हों. उन्होंने संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि सैनिक कल्याण सर्वोपरि है.


 





                               




  • तपती धूप में भी 200 से अधिक पूर्व सैनिक और वीरांगनाएं हुए शामिल, कल्याण योजनाओं पर चर्चा
  • पेंशन, ECHS और साइबर सुरक्षा पर जागरूकता, दिल्ली गवर्निंग बॉडी के लिए दो प्रतिनिधि चयनित

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : कड़ी धूप और फसल कटाई के व्यस्त समय के बावजूद रविवार को बक्सर में पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं का बड़ा जुटान देखने को मिला. सैनिक कार्यालय मां मुंडेश्वरी अस्पताल परिसर में आयोजित आई ई एस एम की मासिक बैठक में करीब 200 से अधिक पूर्व सैनिकों ने भाग लिया और संगठन विस्तार सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई. बैठक का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों को मिलने वाली सुविधाओं को हर जरूरतमंद तक पहुंचाना और संगठन को मजबूत बनाना रहा.

बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन डॉ. मेजर पी के पाण्डेय ने की जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने किया. चेयरमैन ने कहा कि आई ई एस एम बक्सर सभी पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं के हित में कार्य करता रहेगा, चाहे वे किसी भी संगठन से जुड़े हों या न हों. उन्होंने संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि सैनिक कल्याण सर्वोपरि है.

जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने बताया कि संगठन अब तक लगभग 10 करोड़ रुपये पेंशन और एरियर के रूप में पूर्व सैनिकों को दिलाने में सफल रहा है. यह कार्य पूरी तरह निःशुल्क और निस्वार्थ भाव से किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि संगठन का लक्ष्य हर गांव और हर घर तक सैनिक सुविधाओं को पहुंचाना है.

जिला महासचिव कैप्टन श्री निवास सिंह ने पूर्व सैनिकों को साइबर ठगी और फर्जी मामलों से सतर्क रहने की सलाह दी. वहीं सार्जेंट विनोद तिवारी ने सभी से ITR फाइल करने की अपील की और बताया कि भविष्य में लोन और अन्य वित्तीय कार्यों के लिए यह आवश्यक होगा. लेफ्टिनेंट आर बी ओझा ने ई सी एच एस कार्ड जल्द बनवाने पर जोर देते हुए कहा कि आकस्मिक स्थिति में यह अत्यंत उपयोगी है.

दिल्ली से लौटे उप कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह ने चेयरमैन मेजर जनरल सतबीर सिंह के निर्देशों की जानकारी दी. बैठक में सर्वसम्मति से कैप्टन श्री निवास सिंह और पेट्टी ऑफिसर सुरेन्द्र सिंह को दिल्ली गवर्निंग बॉडी के लिए प्रतिनिधि चुना गया, जिसका उपस्थित सभी सैनिकों ने तालियों से स्वागत किया.

बैठक में बक्सर ई सी एच एस में दो नए डॉक्टरों की नियुक्ति पर खुशी जताई गई और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के लिए प्रयासों की सराहना की गई. साथ ही जनरल शशांक शेखर मिश्रा, प्रधान नियंत्रक कवलदीप सिंह और पीसीडीए अधिकारी मनोज सिंह के कार्यों की प्रशंसा की गई.

मीडिया के सवाल पर सूबेदार विद्या सागर चौबे ने कहा कि संगठन भले अलग-अलग हों, लेकिन लक्ष्य सभी का एक ही है—सैनिक कल्याण. उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही बक्सर के लगभग 10 हजार पूर्व सैनिक एक मंच पर नजर आएंगे.

बैठक के अंत में कई पूर्व सैनिकों ने अपनी समस्याओं के दस्तावेज जमा किए और लगभग 10 नए सदस्यों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की. कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और वंदे मातरम के गगनभेदी नारों के साथ हुआ. अंत में सभी उपस्थित लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई.

इस अवसर पर कैप्टन बी एन पाण्डेय, आर बी सिंह, कामेश्वर राय, अलख नारायण श्रीवास्तव, संजय पाठक, किशन लाल, रविकांत राय, सुभाष ओझा, श्री निवास सिंह, सुरेन्द्र सिंह, द्वारिका पाण्डेय, रामनाथ सिंह, जग नारायण साहू, ईश्वर दयाल सिंह, बलिराम मिश्रा, जंग बहादुर सिंह, हरिहर सिंह, आर सी पाल, राजेंद्र चौबे, सुदामा प्रसाद, गणेश सिंह, बिनोद मिश्रा, ललन चौबे, हाकिम प्रसाद, धनंजय दुबे, राम सिंह, राम एकबाल सिंह, ब्रिज नाथ सिंह यादव, उमा शंकर शर्मा, वीरेंद्र सिंह, श्रीकांत यादव, परमेश्वर सिंह, सीताराम साहू, अंबिका राय, वीरांगना संगीता देवी, कलावती देवी सहित सैकड़ों पूर्व सैनिक और वीरांगनाएं उपस्थित रहीं.

वीडियो : 














Post a Comment

0 Comments