दो दिनों में पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने की चर्चा तेज होते ही लोगों में घबराहट फैल गई और पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी. स्थिति यह हो गई कि लोग सामान्य जरूरत से ज्यादा ईंधन लेने लगे और अपनी गाड़ियों की टंकी फुल कराने की होड़ मच गई.
- पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद कीमत बढ़ने की चर्चा से पंपों पर उमड़ी भीड़, कई पंप अस्थायी रूप से बंद
- प्रशासन ने तैनात किया पुलिस बल, अधिकारियों का दावा—जल्द सामान्य होगी स्थिति
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले में पेट्रोल-डीजल को लेकर फैली अफवाहों ने हालात को अचानक तनावपूर्ण बना दिया है. पिछले दो दिनों में पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने की चर्चा तेज होते ही लोगों में घबराहट फैल गई और पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी. स्थिति यह हो गई कि लोग सामान्य जरूरत से ज्यादा ईंधन लेने लगे और अपनी गाड़ियों की टंकी फुल कराने की होड़ मच गई.
इसी बढ़ी हुई खपत का असर यह हुआ कि कई पेट्रोल पंपों पर स्टॉक तेजी से खत्म होने लगा. समीक्षा बैठक में सामने आया कि BPCL के 24 में से 10, IOCL के 31 में से 8 और HPCL के 15 में से 2 पेट्रोल पंप अस्थायी रूप से बंद हो गए हैं. पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि सामान्य परिस्थितियों में पर्याप्त स्टॉक मौजूद था, लेकिन अचानक कई गुना बढ़ी खपत ने पूरी व्यवस्था को प्रभावित कर दिया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम साहिला ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और हालात को नियंत्रण में लाने के निर्देश दिए. जिन पेट्रोल पंप संचालकों ने सुरक्षा की मांग की, वहां तुरंत पुलिस बल की तैनाती की गई ताकि वितरण में किसी तरह की बाधा न आए.
इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर ने इटाढ़ी रोड स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और खुद खड़े होकर वितरण को सुचारू कराने का प्रयास किया. प्रशासन की इस सक्रियता से व्यवस्था में सुधार देखने को मिला.
बैठक में मौजूद अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि देर रात तक हालात सामान्य हो जाएंगे और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति निर्बाध रूप से शुरू हो जाएगी. जिला प्रशासन ने सभी बक्सरवासियों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से भीड़ न बढ़ाएं. प्रशासन का कहना है कि पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराने के लिए उच्च स्तर पर लगातार प्रयास जारी है.
इस पूरी घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि अफवाहें किस तरह से सामान्य व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं और लोगों में अनावश्यक घबराहट पैदा कर सकती हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जल्द ही हालात पूरी तरह सामान्य हो जाएंगे.






.png)











0 Comments