उसकी पहचान विंध्याचल पाल के पुत्र के रूप में हुई है. आरोप है कि वह ग्रामीणों को विभिन्न बहानों में फंसाकर उनका बायोमेट्रिक यानी अंगूठा लगवाता था और फिर उनके बैंक खातों से रुपये निकाल लेता था.
- भोले-भाले ग्रामीणों को बनाता था निशाना, बैंक खातों में सेंधमारी का खुलासा
- महिला की शिकायत के बाद सक्रिय हुई पुलिस, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के राजपुर प्रखंड के कटरिया गांव में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां अंगूठा लगवाकर बैंक खातों से रुपये उड़ाने वाले एक शातिर ठग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. मामले का खुलासा तब हुआ जब एक महिला ने अपने खाते से रुपये गायब होने की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए आरोपी को दबोच लिया.
राजपुर थाना क्षेत्र के कटरिया गांव से पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में मनुजी पाल को गिरफ्तार किया है. उसकी पहचान विंध्याचल पाल के पुत्र के रूप में हुई है. आरोप है कि वह ग्रामीणों को विभिन्न बहानों में फंसाकर उनका बायोमेट्रिक यानी अंगूठा लगवाता था और फिर उनके बैंक खातों से रुपये निकाल लेता था.
बताया जाता है कि आरोपी खासतौर पर तकनीकी जानकारी से अनजान और भोले-भाले लोगों को अपना निशाना बनाता था. इस गिरोह की करतूत का खुलासा तब हुआ जब हुड़रही गांव निवासी गायत्री देवी ने 03 दिसंबर 2025 को अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत राजपुर थाने में दर्ज कराई.
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की. साक्ष्यों और डिजिटल ट्रेल के आधार पर पुलिस ने छापेमारी करते हुए आरोपी मनुजी पाल को गिरफ्तार कर लिया.
थानाध्यक्ष निवास कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध बैंकिंग प्रतिनिधि को अपना बायोमेट्रिक न दें. यदि खाते से अनाधिकृत रूप से रुपये कटते हैं, तो तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें.
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं और अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया गया है.
राजपुर से शंकर पांडेय की रिपोर्ट






.png)











0 Comments