मठिला नहर में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस ..

मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है. शव पर लाल रंग का टी-शर्ट और काले रंग का लोवर पैंट मिला है. प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि शव लगभग एक दिन पुराना हो सकता है.






                               


  • सुबह होते ही बधार इलाके में मचा हड़कंप, लोगों की भीड़ जुटी
  • एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पहचान के लिए आसपास के थानों को भेजी सूचना

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के कोरानसराय थाना क्षेत्र के मठिला गांव स्थित बधार के नहर पईन में बुधवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सुबह खेत की ओर गए लोगों की नजर जैसे ही पानी में पड़े शव पर पड़ी, देखते ही देखते आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और सूचना पुलिस को दी गई.

सूचना मिलते ही कोरानसराय थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया. घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं, जिससे माहौल काफी गंभीर बना रहा.

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है. शव पर लाल रंग का टी-शर्ट और काले रंग का लोवर पैंट मिला है. प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि शव लगभग एक दिन पुराना हो सकता है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य जुटाए. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हत्या का मामला है या फिर किसी अन्य परिस्थिति में युवक की मौत हुई है.

कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शव की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना भेजी गई है. उन्होंने कहा कि पहचान होते ही आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और हर संभावित पहलू को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई कर रही है.














Post a Comment

0 Comments