काशी से पधारे आचार्य सुभद्रानन्दन जी महाराज की मधुर वाणी से श्रीमद्भागवत कथा का रस प्रवाहित हो रहा है और श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आ रहे हैं.
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर में इन दिनों भक्ति और आध्यात्मिकता की अनूठी छटा बिखरी हुई है, जहां काशी से पधारे आचार्य सुभद्रानन्दन जी महाराज की मधुर वाणी से श्रीमद्भागवत कथा का रस प्रवाहित हो रहा है और श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आ रहे हैं.
छोटकी सारीमपुर रोड स्थित आनंद विहार मैरेज हॉल में 23 अप्रैल से प्रारंभ हुई श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का भव्य और संगीतमय आयोजन 30 अप्रैल तक चलेगा. प्रतिदिन संध्या 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक आयोजित इस कथा में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. पूरा परिसर आकर्षक सजावट और भक्ति गीतों की मधुर ध्वनि से आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा है.
कथा के दौरान आचार्य सुभद्रानन्दन जी महाराज भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, रास और उनके जीवन के आदर्शों का सजीव चित्रण कर रहे हैं. उनकी सरल और प्रभावशाली शैली श्रोताओं को न केवल कथा से जोड़ रही है, बल्कि उन्हें धर्म, भक्ति और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी दे रही है. कथा के प्रसंगों के साथ भजन-कीर्तन का ऐसा संगम देखने को मिल रहा है कि श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भक्ति रस में डूब जा रहे हैं.
इस धार्मिक आयोजन का संचालन शंभूनाथ उपाध्याय परिवार एवं उनके मित्रगण द्वारा किया जा रहा है. आयोजन स्थल, जो काली मंदिर के सामने स्थित है, श्रद्धालुओं की भीड़ से प्रतिदिन गुलजार हो रहा है.
आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करें और पुण्य लाभ अर्जित करें. वहीं, अंतिम दिन पूर्णाहुति के अवसर पर विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाने की तैयारी है, जिससे पूरे आयोजन का समापन भव्य और यादगार होगा.






.png)














0 Comments