तेज आंधी और बारिश से बक्सर अस्त-व्यस्त, अंधेरे में डूबा शहर, ट्रेन सेवा भी प्रभावित ..

मौसम विभाग ने जिले में ठनका गिरने को लेकर चेतावनी जारी की है. अगले तीन घंटों में कुछ स्थानों पर तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. 

 





                               



  • 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चली हवा, पेड़ उखड़े और बिजली व्यवस्था ध्वस्त
  • ठनका और ओलावृष्टि की चेतावनी, रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से परिचालन बाधित

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले में बुधवार की शाम अचानक मौसम के बदलते मिजाज ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया. तेज धूल भरी आंधी, बारिश और अंधेरे के बीच जिले के कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए, बिजली आपूर्ति ठप हो गई और रेलवे परिचालन भी बाधित हो गया. राहत की बात यह रही कि देर शाम तक किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं मिली है.


शाम करीब 5:00 बजे के बाद तेज आंधी ने अचानक रफ्तार पकड़ ली और देखते ही देखते आसमान में अंधेरा छा गया. लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चली हवा ने शहर के विभिन्न हिस्सों में भारी नुकसान पहुंचाया. रेलवे स्टेशन रोड स्थित कमलदह पोखर के सामने दो बड़े पेड़ उखड़कर गिर गए, जिससे बिजली का खंभा टेढ़ा हो गया और आपूर्ति बंद करनी पड़ी. अंबेडकर चौक पर नगर परिषद का यूनिक पोल भी तेज हवा में टूटकर गिर गया. व्यस्त चौराहे पर हुई इस घटना में संयोगवश कोई जनहानि नहीं हुई.

रेलवे स्टेशन और सरकारी कार्यालयों के पास भी नुकसान

बक्सर रेलवे स्टेशन परिसर में भी आंधी का असर साफ दिखा. बाहरी हिस्से में लगे बैनर और पोस्टर तेज हवा में उड़कर उखड़ गए. वहीं रजिस्ट्री ऑफिस के समीप एक पेड़ गिरने से बिजली का पोल टूट गया. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे नगर की बिजली आपूर्ति एहतियातन बंद कर दी गई, जिससे शहर में ब्लैकआउट जैसी स्थिति बन गई.

ग्रामीण इलाकों में भी बिगड़े हालात, कई जगह ठप बिजली

शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी आंधी का असर कम नहीं रहा. रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास पेड़ गिरने की सूचना है, हालांकि वहां कोई बड़ी क्षति नहीं हुई. डुमरांव और राजपुर क्षेत्रों में कई स्थानों पर पेड़ उखड़ने से बिजली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है. लोगों को अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ा और देर रात तक बिजली बहाल नहीं हो सकी.

रेलवे परिचालन पर असर, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

मौसम के इस बदलाव का असर रेलवे परिचालन पर भी पड़ा. बक्सर के यातायात निरीक्षक विंध्याचल पांडेय ने बताया कि आंधी की वजह से ओवरहेड तार पर पेड़ गिरने से फुलवारी शरीफ, सचिवालय, कुल्हाड़ियां, गहमर और भदौरा, में यातायात प्रभावित हुआ जिससे कि अप और डाउन दोनों लाइनों पर परिचालन शाम तकरीबन 07:25 से 08:02 बजे तक बाधित रहा. फिलहाल परिचालन सामान्य है.

मौसम विभाग की चेतावनी, ठनका और ओलावृष्टि का खतरा

मौसम विभाग ने जिले में ठनका गिरने को लेकर चेतावनी जारी की है. अगले तीन घंटों में कुछ स्थानों पर तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. लोगों से अपील की गई है कि वे खराब मौसम में खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचें.

गर्मी से राहत, लेकिन बढ़ी मुश्किलें

मौसम में आए इस बदलाव का कारण बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं को बताया जा रहा है. पिछले कई दिनों से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था और लू जैसी स्थिति बनी हुई थी. आंधी और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन बिजली आपूर्ति ठप होने और अव्यवस्था के कारण परेशानियां भी बढ़ गईं.

प्रशासन अलर्ट, बहाली का कार्य जारी

जिले में किसी बड़ी दुर्घटना की सूचना देर शाम तक नहीं मिली है. हालांकि प्रशासन और बिजली विभाग की टीमें क्षतिग्रस्त पोल और तारों को ठीक करने में जुटी हुई हैं. हालात सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन पूरी व्यवस्था बहाल होने में अभी समय लग सकता है.














Post a Comment

0 Comments