नाले का पानी निर्बाध रूप से बहता नजर आ रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र गंदगी और दुर्गंध से प्रभावित है. धार्मिक महत्व वाले इस घाट पर प्रतिदिन गंगा आरती का आयोजन होता है, लेकिन उसी स्थान के आसपास फैली गंदगी श्रद्धालुओं की आस्था को आहत कर रही है.
- गंगा आरती स्थल के पास गंदगी से श्रद्धालु परेशान
- वैशाख पूर्णिमा से पहले व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिला मुख्यालय के रेखा घाट पर अव्यवस्था की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है. विवाह मंडप के समीप नाले का पानी निर्बाध रूप से बहता नजर आ रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र गंदगी और दुर्गंध से प्रभावित है. धार्मिक महत्व वाले इस घाट पर प्रतिदिन गंगा आरती का आयोजन होता है, लेकिन उसी स्थान के आसपास फैली गंदगी श्रद्धालुओं की आस्था को आहत कर रही है.
स्थिति और भी गंभीर इसलिए हो जाती है क्योंकि वैशाख पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को यहां विशेष स्नान का आयोजन होना है. ऐसे में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु जब घाट पर पहुंचेंगे, तो उन्हें गंदगी और बदइंतजामी का सामना करना पड़ेगा.
नगर परिषद के द्वारा जहां नगर के विकास और साफ-सफाई के दावे किए जाते हैं वहीं गंगा घाटों की सफाई के लिए हर माह लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं. इसके अतिरिक्त नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण के नाम पर भी लाखों रुपये खर्च किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है. गंगा घाट पर इस तरह की स्थिति को लेकर लोग इसे बेहद शर्मनाक बता रहे हैं.
स्थानीय लोगों में इसको लेकर आक्रोश है. गंगा आरती सेवा ट्रस्ट के मुख्य पुजारी अमरनाथ पांडेय उर्फ लाला बाबा का कहना है कि हर बार बड़े आयोजनों से पहले सिर्फ कागजी तैयारियां होती हैं, लेकिन मूल समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता.
घाट पर आने वाले लोग इस स्थिति को देखकर न केवल परेशान होते हैं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही पर भी सवाल खड़े करते हैं. यदि समय रहते सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो यह समस्या और गंभीर हो सकती है. अब देखना होगा कि प्रशासन इस ओर कितनी तत्परता दिखाता है.
वीडियो :






.png)













0 Comments