परीक्षा के रास्ते पर मौत का साया, नवविवाहित दंपती की खुशियां मातम में बदली ..

बाइक से पत्नी की स्नातक परीक्षा दिलवाने रामगढ़ जा रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रामपुर गांव के समीप हदहदवा पुल के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रहे साइकिल सवार वृद्ध को जोरदार टक्कर मार दी.


 





                               



  • साइकिल–बाइक की भीषण टक्कर में 75 वर्षीय वृद्ध की मौके पर मौत
  • शादी के दो दिन बाद हादसा, दंपती समेत तीन गंभीर घायल वाराणसी रेफर

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के चौसा–मोहनिया मुख्य मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक 75 वर्षीय अज्ञात साइकिल सवार वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार नवविवाहित दंपती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार मगराव गांव निवासी 21 वर्षीय विक्की कुमार अपनी नवविवाहित पत्नी खुशी और साले अभिषेक (निवासी नोनार, थाना रामगढ़) के साथ बाइक से पत्नी की स्नातक परीक्षा दिलवाने रामगढ़ जा रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रामपुर गांव के समीप हदहदवा पुल के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रहे साइकिल सवार वृद्ध को जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी भीषण थी कि वृद्ध ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. वहीं बाइक सवार तीनों लोग उछलकर सड़क किनारे खाई में जा गिरे और गंभीर रूप से जख्मी हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया.

सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि विक्की की शादी महज दो दिन पहले ही हुई थी और पत्नी की परीक्षा के लिए जाते समय यह हादसा हो गया, जिससे परिवार में खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया.














Post a Comment

0 Comments