वीडियो : बिजली जांच के बहाने घर में धावा, महिला से बदसलूकी और लूट का सनसनीखेज आरोप ..

यह भी आरोप लगाया कि हंगामे के दौरान उनके परिवार की महिला सदस्य के गले से सोने का लॉकेट और कान की बाली छीन ली गई. साथ ही आरोपियों ने एक लाख रुपये की मांग करते हुए धमकी दी कि पैसा नहीं देने पर केस में फंसा दिया जाएगा.


 





                               


  • कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र की घटना, पहचान पूछने पर भड़के आरोपी
  • छेड़खानी, मारपीट और लूट की शिकायत, कई नामजद पर कार्रवाई की मांग

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक गांव में बिजली जांच के नाम पर घर में घुसकर महिला के साथ दुर्व्यवहार, मारपीट और लूटपाट का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़िता ने महिला थाना में आवेदन देकर कई लोगों पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है.

जिले के कृष्णा ब्रह्म थाना क्षेत्र के एक गांव में बिजली जांच के नाम पर घर में घुसकर एक महिला के साथ छेड़खानी और मारपीट करने का मामला सामने आया है. पीड़िता ने महिला थाना में लिखित आवेदन देकर कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं और न्याय की गुहार लगाई है.

पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया कि 22 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे अचानक 7-8 लोग उनके घर में घुस आए. उस समय वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर में मौजूद थीं. आरोप है कि उन लोगों ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताया और मीटर दिखाने की बात कही. जब महिला ने उनसे पहचान पूछी, तो वे लोग आक्रामक हो गए और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया.

महिला का आरोप है कि इसी दौरान उनके कपड़े अस्त-व्यस्त हो गए और कुछ लोगों ने छेड़खानी करने की कोशिश की. विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई.

आवेदन में पीड़िता ने बिजली कंपनी के कनीय अभियंता चक्की मनीष कुमार समेत उपेन्द्र ठाकुर, देवेन्द्र यादव, सूरज पासवान, विजय कुमार, मकसूद अंसारी, कन्हैया मिश्र, सुनील प्रजापति और नागेन्द्र यादव को नामजद किया है. आरोप है कि इनमें से कुछ लोगों ने उन्हें जबरन घर के अंदर खींचकर पीटा और दरवाजा बंद कर दिया.

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि हंगामे के दौरान उनके परिवार की महिला सदस्य के गले से सोने का लॉकेट और कान की बाली छीन ली गई. साथ ही आरोपियों ने एक लाख रुपये की मांग करते हुए धमकी दी कि पैसा नहीं देने पर केस में फंसा दिया जाएगा.

घटना के बाद आरोप है कि पीड़िता के पुत्रों को भी जबरन पकड़कर थाने ले जाया गया. साथ ही कृष्णाब्रह्म थाने में उनकी प्राथमिकी भी दर्ज नहीं की गई. इसके बाद वह महिला थाने पहुंची है.

मामले में महिला थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है. जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

वीडियो :
















Post a Comment

0 Comments