आरोप है कि इस दौरान सब्जी काटने वाले चाकू से उनके दाहिने गाल और बाएं हाथ पर वार किया गया, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए.
- परिवार के पांच लोगों पर मारपीट, धमकी और संपत्ति हड़पने का आरोप
- पीड़ित ने थाने में लगाई गुहार, न्याय और सुरक्षा की मांग
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक वृद्ध व्यक्ति ने अपने ही बेटे, बहू और पोते-पोतियों पर गंभीर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया है. पीड़ित ने थाने में आवेदन देकर जान-माल की सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है.
मामले में पीड़ित लीलाधर प्रसाद, निवासी मेन रोड मच्छरहट्टा पुल वार्ड संख्या-28, ने बताया कि 4 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे उनके पुत्र राजकुमार गुप्ता, बहू रेखा देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने एकजुट होकर उन पर हमला कर दिया. आरोप है कि इस दौरान सब्जी काटने वाले चाकू से उनके दाहिने गाल और बाएं हाथ पर वार किया गया, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए.
पीड़ित का कहना है कि हमले के दौरान आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी. इतना ही नहीं, उनका मोबाइल फोन तोड़ दिया गया और घर के जरूरी कागजात तथा एलआईसी से जुड़े दस्तावेज भी छीन लिए गए. वृद्ध ने यह भी आरोप लगाया कि परिवार के लोग उन्हें खाना-पीना, कपड़ा और दवा तक नहीं देते हैं, और विरोध करने पर मारपीट करते हैं.
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपित लोग वीआईपी कॉलोनी में मकान बनाकर रहते हैं, लेकिन उनका पुराना घर खाली नहीं कर रहे हैं और आए दिन विवाद कर मारपीट करते हैं. साथ ही, गैस सिलेंडर और रेगुलेटर की कथित अवैध बिक्री का भी आरोप लगाया गया है.
पीड़ित ने थानाध्यक्ष से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि उन्हें सुरक्षा मिल सके और वे शांति से अपना जीवन व्यतीत कर सकें. पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए जांच शुरू करने की बात कही है. उधर इस मामले में थाना अध्यक्ष से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन फोन नहीं उठाने के कारण यह ज्ञात नहीं हो सका कि मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई है?






.png)











0 Comments