बक्सर में 15 मई को सजेगी सुरों की महफिल, ‘नाद अर्चना - संगीत बैठक’ की तैयारी तेज ..

प्रसिद्ध भरतनाट्यम नृत्यांगना आद्या सिन्हा अपनी मनमोहक प्रस्तुति देंगी. वहीं बनारस घराने के सितार वादक कृष्णा मिश्रा एवं तबला वादक प्रशांत मिश्रा अपनी जुगलबंदी से शास्त्रीय संगीत की छटा बिखेरेंगे. इसके अलावा बिहार के चर्चित ग़जल गायक राघवेंद्र पांडेय अपनी गायकी से समां बांधेंगे.





                               


  • संस्कार भारती की बक्सर इकाई द्वारा भव्य सांस्कृतिक आयोजन, देशभर के कलाकार देंगे प्रस्तुति
  • जिलाध्यक्ष डॉ. मेजर पी. के. पांडेय की अध्यक्षता में तैयारी समिति की बैठक 

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : कला एवं साहित्य को समर्पित अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती की बक्सर जिला इकाई के तत्वावधान में 15 मई, शुक्रवार को “नाद अर्चना - संगीत बैठक” का भव्य आयोजन किया जाएगा. इस आयोजन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं. इसी क्रम में जिलाध्यक्ष डॉ. मेजर पी. के. पांडेय की अध्यक्षता में तैयारी समिति की बैठक आयोजित हुई. जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई.

यह सांस्कृतिक आयोजन शहर के वीर कुंवर सिंह चौक स्थित गोयल धर्मशाला के वातानुकूलित सभागार में दोपहर 2.45 बजे से प्रारंभ होगा. इसमें बिहार एवं उत्तर प्रदेश के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से संगीत प्रेमियों को शास्त्रीय कला का अनुभव कराएंगे.

कार्यक्रम में पटना की प्रसिद्ध भरतनाट्यम नृत्यांगना आद्या सिन्हा अपनी मनमोहक प्रस्तुति देंगी. वहीं बनारस घराने के सितार वादक कृष्णा मिश्रा एवं तबला वादक प्रशांत मिश्रा अपनी जुगलबंदी से शास्त्रीय संगीत की छटा बिखेरेंगे. इसके अलावा बिहार के चर्चित ग़जल गायक राघवेंद्र पांडेय अपनी गायकी से समां बांधेंगे.

जिलाध्यक्ष डॉ. मेजर पी. के. पांडेय ने जिले के कला एवं संगीत प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा कि संस्कार भारती का उद्देश्य शास्त्रीय नृत्य, संगीत एवं गायन जैसी भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना और समाज को इससे जोड़ना है. साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिले के नवोदित कलाकारों को मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारने का कार्य किया जाएगा.

बैठक में कोषाध्यक्ष निकेश पांडेय, महामंत्री गुलशन सिंह, कार्यक्रम संयोजक अभिनव कुमार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे. वहीं आयोजन को सफल बनाने में रोहतास कुमार गोयल, उपाध्यक्ष सुकृति मिश्रा, उपाध्यक्ष डॉ. हिमांशु पांडेय, मंत्री अंकुर श्रीवास्तव, डॉ. सुनील त्रिपाठी, संदीप सिंह, रंजन दुबे सहित अन्य कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय रही.














Post a Comment

0 Comments