कहीं समूह में जनप्रतिनिधि मतदान करने पहुंचे तो कहीं महिला मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं. मतदान केंद्रों पर पेयजल, टेंट और बैठने की व्यवस्था की गई थी, जिससे मतदाताओं को गर्मी के बीच राहत मिली.
- बक्सर में 97.48 प्रतिशत मतदान, कई केंद्रों पर दिखा उत्साह
- सुबह से मतदान केंद्रों पर रही हलचल, डीएम और एसपी लगातार करते रहे निरीक्षण
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले में मंगलवार को बिहार विधान परिषद के भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र उपचुनाव का मतदान शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो गया. जिले के सभी 11 मतदान केंद्रों पर सुबह से ही पंचायत प्रतिनिधियों और मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई थी. सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोगों ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतदान समाप्ति के बाद जिले में कुल 97.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.
सुबह आठ बजे मतदान शुरू होते ही विभिन्न प्रखंडों से मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे. कहीं समूह में जनप्रतिनिधि मतदान करने पहुंचे तो कहीं महिला मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं. मतदान केंद्रों पर पेयजल, टेंट और बैठने की व्यवस्था की गई थी, जिससे मतदाताओं को गर्मी के बीच राहत मिली. पूरे दिन मतदान केंद्रों पर लोकतंत्र के पर्व जैसा माहौल बना रहा.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य लगातार विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे. दोनों अधिकारियों ने मतदान व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मियों को सतर्क रहकर निष्पक्ष मतदान कराने का निर्देश दिया. प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रियता के कारण सभी केंद्रों पर मतदान व्यवस्थित ढंग से चलता रहा.
जोनल और सेक्टर दंडाधिकारी रहे सक्रिय
उप विकास आयुक्त निहारिका छवि एवं अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में जोनल और सेक्टर दंडाधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहे. पुलिस पदाधिकारी भी मतदान केंद्रों के बाहर और अंदर निगरानी में जुटे रहे. सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त रही कि बिना पहचान सत्यापन के किसी को प्रवेश नहीं दिया गया.
केसठ और चौगाई में शत-प्रतिशत मतदान
केसठ एवं चौगाई प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थापित मतदान केंद्रों पर शत-प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. केसठ प्रखंड में कुल 54 मतदाताओं में सभी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. वहीं राजपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित मतदान केंद्र पर 298 में से 290 मतदाताओं ने मतदान किया. यहां पूरे दिन मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला.
पूरे दिन नहीं हुई कोई अप्रिय घटना
चुनाव के दौरान जिले के किसी भी मतदान केंद्र से अव्यवस्था या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली. प्रशासनिक सतर्कता और पुलिस बल की मुस्तैदी के कारण मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रही. मतदान समाप्त होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली और सफल मतदान के लिए कर्मियों की सराहना की.






.png)












0 Comments