वीडियो : बक्सर में कांग्रेस का नया मिशन, 15 मई से गांव-गांव चलेगा सदस्यता अभियान ..

बैठक में डिजिटल तकनीक के जरिए संगठन को मजबूत करने, सदस्यता बढ़ाने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर विस्तार से चर्चा हुई.





                               


  • डिजिटल ऐप से कार्यकर्ताओं का डेटा तैयार करेगी कांग्रेस
  • नेताओं ने जनसंपर्क और बूथ मजबूती को बताया संगठन की असली ताकत 

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर . आगामी चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने बक्सर में संगठन विस्तार की तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में शुक्रवार को बक्सर गोलंबर स्थित नवनिर्मित जिला कांग्रेस कार्यालय में ‘संगठन सृजन साथी’ अभियान के तहत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने की, जबकि बिहार प्रदेश कांग्रेस नेता एवं बक्सर प्रभारी मृणाल अनामय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. बैठक का संचालन व्यावसायिक प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष रामनारायण जायसवाल ने किया. बैठक में डिजिटल तकनीक के जरिए संगठन को मजबूत करने, सदस्यता बढ़ाने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर विस्तार से चर्चा हुई.

मुख्य अतिथि मृणाल अनामय ने कहा कि कांग्रेस अब तकनीक और जनसंवाद दोनों के सहारे आगे बढ़ेगी. उन्होंने ‘संगठन सृजन ऐप’ की जानकारी देते हुए कहा कि इससे सक्रिय सदस्यों का रिकॉर्ड तैयार होगा और संगठन में पारदर्शिता भी आएगी. जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने घोषणा की कि 15 मई से जिले के सभी 11 प्रखंडों, 2 नगर परिषदों और 3 नगर पंचायतों में सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि जल्द ही जिला और प्रदेश कार्यसमिति का गठन भी किया जाएगा.

बैठक में मौजूद वरिष्ठ नेता कामेश्वर पांडेय ने कहा कि डिजिटल दौर में भी बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क जरूरी है. व्यावसायिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दौलत चन्द गुप्ता ने हर कार्यकर्ता से कम से कम पांच नए लोगों को पार्टी से जोड़ने की अपील की. प्रो. पी. के. मिश्रा ने कांग्रेस की वैचारिक विरासत को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया.

मेहनती कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने पर जोर

संगठन विस्तार को लेकर सत्येंद्र ओझा ने कहा कि मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए. उमाशंकर पांडेय ने मजबूत प्रखंड अध्यक्षों की नियुक्ति को संगठन की रीढ़ बताया. महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष निर्मला देवी ने महिलाओं को सम्मान और घर-घर संपर्क के जरिए पार्टी से जोड़ने की बात कही.

हर घर तक पहुंचने की रणनीति पर चर्चा

रणनीतिक चर्चा के दौरान राजा रमण पांडेय ने भाजपा की राजनीतिक रणनीति का जवाब संगठनात्मक मजबूती से देने की जरूरत बताई. उन्होंने हर घर से एक कांग्रेस कार्यकर्ता तैयार करने का लक्ष्य रखने की अपील की. ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विनोद मौर्य ने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने पर बल दिया. अजय ओझा ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता बताई.

जनसमस्याओं से जुड़ने का दिया गया संदेश

संजय कुमार पांडेय और लक्ष्मण उपाध्याय ने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता की समस्याओं से सीधे जुड़ना होगा. उन्होंने विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ दिलाने में लोगों की मदद करने की बात कही, ताकि आम लोगों का भरोसा पार्टी के प्रति मजबूत हो सके.

बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को नई दिशा देने का संकल्प लिया. इस दौरान पूर्व विधायक विश्वनाथ राम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे. 15 मई से शुरू होने वाले अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया.

वीडियो : 















Post a Comment

0 Comments