वीडियो : त्रिमुहानी घाट बना खतरे का केंद्र, 4 दिन में डूबने की दूसरी घटना के बाद घाट पर जाना प्रतिबंधित, वायरल रील्स की हो रही जांच ..

प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि सेंट्रल जेल के समीप स्थित इस घाट पर अब किसी भी व्यक्ति को जाने की अनुमति नहीं होगी. घाट के आसपास पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है ताकि लोग प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश न कर सकें.

 





                               


- डीएम के निर्देश पर घाट क्षेत्र में लागू हुई धारा 163, लोगों के प्रवेश पर लगाई गई रोक
- सोशल मीडिया पर रील बनाकर पिकनिक स्पॉट बनाने वालों और ड्रोन उड़ाने वालों पर भी होगी कार्रवाई

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर के त्रिमुहानी घाट पर लगातार हो रही डूबने की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. सोमवार को राजपुर थाना क्षेत्र के एक बच्चे की गंगा में डूबने से मौत हो गई. पिछले चार दिनों के भीतर यह दूसरी डूबने की घटना है. लगातार हो रहे हादसों के बाद जिला प्रशासन ने घाट क्षेत्र को अति संवेदनशील घोषित करते हुए वहां आम लोगों के जाने पर रोक लगा दी है.

घटना की सूचना मिलते ही डीएम साहिल के निर्देश पर एसडीएम अविनाश कुमार त्रिमुहानी घाट पहुंचे और हालात का जायजा लिया. निरीक्षण के बाद बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी गई. प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि सेंट्रल जेल के समीप स्थित इस घाट पर अब किसी भी व्यक्ति को जाने की अनुमति नहीं होगी. घाट के आसपास पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है ताकि लोग प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश न कर सकें.

सोशल मीडिया की रीलों से बढ़ी घाट पर भीड़

एसडीएम अविनाश कुमार ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से सोशल मीडिया पर त्रिमुहानी घाट की बड़ी संख्या में रील और वीडियो वायरल हो रहे थे. कई लोग इस स्थान को पिकनिक स्पॉट और घूमने की जगह के रूप में प्रचारित कर रहे थे. इसके कारण युवाओं और बच्चों की भीड़ लगातार बढ़ रही थी, जिससे हादसों की आशंका भी बढ़ गई थी.

साइबर डीएसपी को जांच का निर्देश

प्रशासन ने अब ऐसे सभी सोशल मीडिया अकाउंट और वीडियो की जांच शुरू कर दी है. साइबर डीएसपी को निर्देश दिया गया है कि त्रिमुहानी घाट को बढ़ावा देने वाले वीडियो और रील की पहचान कर कार्रवाई की जाए. एसडीएम ने चेतावनी दी कि यदि संबंधित लोग अपने वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से नहीं हटाते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने वालों पर भी कार्रवाई

इसके साथ ही प्रशासन ने सेंट्रल जेल के समीप बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने के मामले को भी गंभीरता से लिया है. अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले लोगों को चिन्हित किया जा रहा है. बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उठी मांग

लगातार हो रही घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने भी त्रिमुहानी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि घाट पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और पुलिस बल की स्थायी तैनाती जरूरी है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

वीडियो : 














Post a Comment

0 Comments