वीडियो : विशाल भंडारे के साथ संपन्न हुआ लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, राधा-कृष्ण प्राण प्रतिष्ठा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ..

बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया. आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह रासलीला, शाम में श्रीमद्भागवत कथा तथा रात्रि में रामलीला का मंचन किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा.





                               


- महदह स्थित महाशक्ति कालरात्रि नवदुर्गा धाम में छह दिनों तक गूंजते रहे वैदिक मंत्र और भक्ति गीत
- रासलीला, भागवत कथा और रामलीला ने बांधा समां, पूर्णाहुति के बाद हुआ विशाल भंडारा

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : इटाढ़ी थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन परिसर के समीप महदह स्थित महाशक्ति कालरात्रि नवदुर्गा धाम में छह दिनों तक चला श्री राधा-कृष्ण प्राण प्रतिष्ठा एवं श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ महामहोत्सव रविवार को पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा व भक्ति के माहौल में संपन्न हो गया. महाशक्ति कालरात्रि नवदुर्गा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया.

समापन अवसर पर श्रीरामजानकी आश्रम के महंत राजाराम शरण दास तथा छोटकी मठिया के महंत अनुग्रह नारायण दास भी पहुंचे. उन्होंने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए धर्म और भक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश दिया. पूरे धाम परिसर में जयकारों, भजन-कीर्तन और वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय बना रहा.

महाशक्ति कालरात्रि नवदुर्गा धाम के पीठाधीश्वर द्वारकाधीश दास महाराज ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत 5 मई को भव्य कलश यात्रा के साथ हुई थी. इसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया. आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह रासलीला, शाम में श्रीमद्भागवत कथा तथा रात्रि में रामलीला का मंचन किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा.

उन्होंने बताया कि लक्ष्मीनारायण त्रिदण्डी स्वामी महाराज "गंगापुत्र"  के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का वाचन श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा. वहीं हरिद्वार से पहुंचे अमित भारद्वाज ने वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के बीच महायज्ञ का संचालन कराया.

महोत्सव के अंतिम दिन पूर्णाहुति के बाद आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. पूरे आयोजन के दौरान महदह क्षेत्र भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा.
वीडियो : 














Post a Comment

0 Comments