बकरे के सौदे से पहले रची गई छह लाख की लूट, दोस्त ही निकला गद्दार ..

दो दिन पहले छह लाख रुपये कर्ज लिया था. राजा अपने परिचित बड़का सारिमपुर निवासी जियाउल इस्लाम उर्फ सिपाही को साथ लेकर बक्सर पहुंचा था. यहां चार बकरों का सौदा तय हुआ, लेकिन कीमत पर सहमति नहीं बनने के कारण खरीदारी नहीं हो सकी.


 





                               


  • सब्जी मंडी के पास मटन व्यवसायी से हथियार के बल पर हुई थी लूट, 48 घंटे में पुलिस ने खोला राज
  • लाइनर बनकर अपराधियों तक पहुंचाई जानकारी, मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार, एक लाख रुपये बरामद

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नया भोजपुर थाना क्षेत्र में सब्जी मंडी के समीप मटन व्यवसायी से छह लाख रुपये की लूट मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया. जिस व्यक्ति पर व्यवसायी ने सबसे अधिक भरोसा किया, वही पूरी वारदात का मास्टरमाइंड निकला. पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़ित के परिचित ने ही लाइनर बनकर अपराधियों को नगद राशि और गतिविधियों की पूरी जानकारी दी थी. पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता जियाउल इस्लाम उर्फ सिपाही को गिरफ्तार कर उसके पास से एक लाख रुपये नकद बरामद कर लिए हैं.

एसपी शुभम आर्य के निर्देशन में एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले का उद्भेदन किया. टीम में सीआई अरविंद कैमूर, नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार और सुमन कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे.

पुलिस के अनुसार डुमरांव के चिकटोली निवासी राजा कुरैशी बकरा खरीद-बिक्री का व्यवसाय करता है. कुर्बानी पर्व को देखते हुए वह गांवों से बकरे खरीदकर पटना भेजने की तैयारी में था. इसके लिए उसने दो दिन पहले छह लाख रुपये कर्ज लिया था. राजा अपने परिचित बड़का सारिमपुर निवासी जियाउल इस्लाम उर्फ सिपाही को साथ लेकर बक्सर पहुंचा था. यहां चार बकरों का सौदा तय हुआ, लेकिन कीमत पर सहमति नहीं बनने के कारण खरीदारी नहीं हो सकी.

इसके बाद दोनों लौटने लगे. इसी दौरान राजा सब्जी मंडी के समीप एक समोसे की दुकान पर बैठा था, तभी बाइक सवार तीन युवक पहुंचे और हथियार के बल पर उससे छह लाख रुपये लूटकर फरार हो गए. जांच में खुलासा हुआ कि जियाउल इस्लाम ने पहले ही अपराधियों को सूचना दे दी थी कि राजा के पास भारी मात्रा में नगद है. वारदात के बाद सभी आरोपी ब्रह्मपुर की ओर भाग गए और वहां रुपये का बंटवारा किया गया.

घटना के बाद राजा कुरैशी के बयान बार-बार बदलने लगे, जिससे पुलिस को संदेह हुआ. सख्ती से पूछताछ करने पर पूरे मामले की परतें खुल गईं. पुलिस ने जियाउल इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं. एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.














Post a Comment

0 Comments