दिनदहाड़े झपट्टा मार महिला से 40 हजार की छिनतई, बाइक सवार बदमाश फरार ..

महिला को बाइक सवार बदमाशों ने बीच रास्ते निशाना बनाते हुए 40 हजार रुपये से भरा थैला छीन लिया और फरार हो गए. घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है.

प्रतीकात्मक तस्वीर 





                               


बैंक से रुपये निकाल घर लौट रही थी महिला, रास्ते में बनाया निशाना

मानिकपुर मोड़ के पास हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी 

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के तिलक राय के हाता थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई छिनतई की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है. बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रही एक महिला को बाइक सवार बदमाशों ने बीच रास्ते निशाना बनाते हुए 40 हजार रुपये से भरा थैला छीन लिया और फरार हो गए. घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है.

जानकारी के अनुसार मानिकपुर गांव निवासी रामेश्वरी देवी बुधवार को किसी जरूरी काम से सिमरी स्थित इलाहाबाद बैंक पहुंची थीं. वहां से उन्होंने 40 हजार रुपये की निकासी की और रुपये को एक थैले में रखकर टेम्पू से अपने गांव लौटने लगीं. बताया जा रहा है कि वह केशोपुर जल शोध संस्थान के पास टेम्पू से उतरीं और पैदल मानिकपुर मोड़ की ओर जा रही थीं.

इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अज्ञात युवक अचानक उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर रुपयों से भरा थैला छीन लिया. महिला जब तक कुछ समझ पातीं, तब तक दोनों बदमाश तेज रफ्तार से मौके से फरार हो चुके थे. घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और सूचना पुलिस को दी गई.

पीड़िता ने तिलक राय के हाता थाने में आवेदन देकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके के लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और बैंक से निकलने वाले ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.














Post a Comment

0 Comments