बिहार कैबिनेट विस्तार : आनंद मिश्र, राहुल सिंह और संतोष निराला को नहीं मिली जगह, बक्सर की झोली रही खाली ..

जानकारों के अनुसार, जातीय समीकरण और अन्य वरिष्ठ नेताओं के दबाव के कारण बक्सर और राजपुर-डुमरांव क्षेत्र के इन प्रमुख चेहरों को फिलहाल इंतजार करना होगा. 

 





                               

  • सम्राट मंत्रिमंडल में 35 महारथियों ने ली शपथ
  • बक्सर के दिग्गजों की जगह शाहाबाद से अन्य चेहरों पर लगा दांव

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : बिहार की सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार आज पटना के गांधी मैदान में संपन्न हो गया. जहाँ एक ओर प्रदेश को 32 नए मंत्री मिले, वहीं बक्सर टॉप न्यूज की टीम ने पाया कि बक्सर और शाहाबाद के सबसे चर्चित चेहरों के हाथ इस बार खाली रह गए हैं. जिले की तीन राजनीतिक शख्सियतों बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्र, डुमरांव विधायक राहुल सिंह और पूर्व परिवहन मंत्री संतोष कुमार निराला को इस नई टीम में स्थान नहीं मिल सका है.

बक्सर के दिग्गजों की अनदेखी के क्या हैं मायने?

कैबिनेट विस्तार से पहले राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा आम थी कि पूर्व IPS आनंद मिश्र को उनके प्रशासनिक अनुभव का लाभ मिल सकता है. दूसरी ओर, डुमरांव विधायक राहुल सिंह के नाम की भी प्रबल संभावना जताई जा रही थी. वहीं, राजपुर क्षेत्र के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला को लेकर भी समर्थकों में भारी उम्मीद थी कि उन्हें दोबारा मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा. हालांकि, अंतिम सूची में इन तीनों ही नामों की जगह खाली रही.
जानकारों के अनुसार, जातीय समीकरण और अन्य वरिष्ठ नेताओं के दबाव के कारण बक्सर और राजपुर-डुमरांव क्षेत्र के इन प्रमुख चेहरों को फिलहाल इंतजार करना होगा. हालांकि, शाहाबाद प्रमंडल से जमा खान (कैमूर) भगवान सिंह कुशवाहा (भोजपुर) और दीपक प्रकाश (रोहतास) को मंत्री बनाकर क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की गई है.

कैबिनेट विस्तार: 35 मंत्रियों के हाथ में बिहार की कमान

आज हुए भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में कुल 32 मंत्रियों ने शपथ ली. अब बिहार कैबिनेट में मुख्यमंत्री सहित कुल 35 सदस्य हो गए हैं. हालांकि नियमों के अनुसार अभी भी एक मंत्री और बनाए जा सकते हैं. पूर्व की सरकार में कुल 27 मंत्री थे ऐसे में अबकी बार का मंत्रिमंडल पिछली मंत्रिमंडल से बड़ा है. 

दल-वार मंत्रियों की आधिकारिक सूची :

भारतीय जनता पार्टी (BJP) - 17 मंत्री
सम्राट चौधरी (मुख्यमंत्री), विजय कुमार सिन्हा, रामकृपाल यादव, नीतीश मिश्रा, नितिन नवीन, मिथिलेश तिवारी, श्रेयसी सिंह, दिलीप जायसवाल, लखेंद्र पासवान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, रमा निषाद, केदार गुप्ता, प्रमोद चंद्रवंशी, ई. कुमार शैलेंद्र, नंद किशोर राम, रामचंद्र प्रसाद.

जनता दल यूनाइटेड (JDU) - 15 मंत्री
विजय कुमार चौधरी (उप-मुख्यमंत्री), बिजेंद्र प्रसाद यादव (उप-मुख्यमंत्री), निशांत कुमार, (नीतीश कुमार के पुत्र), श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार, जमा खान, शीला मंडल, रत्नेश सदा, दामोदर रावत, बुलो मंडल, श्वेता गुप्ता, भगवान सिंह कुशवाहा.

सहयोगी दल - 4 मंत्री
संजय पासवान व संजय सिंह (LJP-R), संतोष कुमार सुमन (HAM), और दीपक प्रकाश (RLM).

भले ही आज बक्सर के इन दिग्गजों को मंत्री पद न मिला हो, लेकिन जिले की राजनीतिक अहमियत को देखते हुए यह माना जा रहा है कि आने वाले समय में संतोष निराला, आनंद मिश्र और राहुल सिंह को पार्टी की तरफ से बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है.














Post a Comment

0 Comments