सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी. हालांकि एंबुलेंस, मरीजों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है.
- 23 मई को दोपहर 12 से शाम 7 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद
- किला मैदान में बन रहा हेलीपैड, वामन मंदिर और गंगा तट के कार्यक्रमों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : मुख्यमंत्री के प्रस्तावित बक्सर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है. 23 मई को होने वाले इस दौरे को लेकर शहर में युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं. प्रशासन और पुलिस विभाग लगातार बैठकें कर रहे हैं, जबकि अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण भी किया जा रहा है. मुख्यमंत्री के आगमन को राजनीतिक और धार्मिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला बक्सर दौरा होगा.
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. 23 मई को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी. प्रतिबंधित मार्गों में आईटीआई मोड़, सेंट्रल जेल मोड़, नाथ बाबा पुल, किला मैदान, थाना चौक, सोमेश्वर स्थान, सिपाही घाट, ज्योति चौक, रामरेखा घाट और ताड़का नाला मार्ग शामिल हैं. इस दौरान चारपहिया वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा और बाइक चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं ताकि शहर में यातायात व्यवस्था बनी रहे.
प्रशासन की ओर से जारी व्यवस्था के अनुसार वाहनों का परिचालन गोलंबर, सिंडिकेट, बाईपास बस स्टैंड, ज्योति चौक, डीएवी मोड़, अंबेडकर चौक, आईटीआई रोड और चौसा मार्ग से कराया जाएगा. इसके अलावा रेलवे ओवरब्रिज और इटाढ़ी रोड होकर भी यातायात संचालित होगा. वहीं 23 मई को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी. हालांकि एंबुलेंस, मरीजों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है.
रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से प्रशासन ने अपील की है कि वे टिकट साथ लेकर ही घर से निकलें. साथ ही आम लोगों से बहुत जरूरी होने पर ही चारपहिया वाहनों का उपयोग करने को कहा गया है. ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जा रही है.
इधर ऐतिहासिक किला मैदान में हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए हेलीपैड निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है. वहीं सेंट्रल जेल स्थित भगवान वामन मंदिर तक जाने वाले मार्ग का कालीकरण भी अंतिम चरण में पहुंच चुका है. जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री किला मैदान में उतरने के बाद भगवान वामन मंदिर जाएंगे. इसके बाद गंगा तट पर पुनर्निर्मित लाइट एंड साउंड परियोजना का उद्घाटन करेंगे. साथ ही रामरेखा घाट स्थित श्री रामेश्वर नाथ मंदिर में भी उनके जाने की संभावना जताई जा रही है.
गौरतलब है कि इससे पहले समृद्धि यात्रा के दौरान तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भगवान वामन मंदिर को सेंट्रल जेल की चारदीवारी से मुक्त कराने की घोषणा की थी. अब मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके इस दौरे को लेकर लोगों की उम्मीदें और राजनीतिक चर्चाएं दोनों तेज हो गई हैं.






.png)











0 Comments