बक्सर स्टेशन पर जागरूकता की पहल, रेलयात्रियों और वेंडरों को सिंगल यूज प्लास्टिक के खतरों से कराया अवगत ..

कहा कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है और इसके कारण भूमि, जल और वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है.






                               


  • परिसर में स्वास्थ्य विभाग की पहल, प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने का लिया संकल्प
  • हेल्थ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने कहा- छोटी सावधानी से पर्यावरण को बचाया जा सकता है

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बक्सर रेलवे स्टेशन परिसर में गुरुवार को सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया. रेलवे के हेल्थ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान स्टेशन परिसर में मौजूद वेंडरों, दुकानदारों और यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया. अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए इसके उपयोग से बचने के लिए प्रेरित करना था.

अभियान के दौरान रेलवे अधिकारियों ने विभिन्न स्टॉल और दुकानों पर जाकर वेंडरों से अपील की कि वे प्लास्टिक के गिलास, प्लेट, थैली और अन्य सिंगल यूज सामानों का प्रयोग बंद करें. इसके स्थान पर कागज, कपड़े या अन्य पर्यावरण अनुकूल सामग्री का उपयोग करने की सलाह दी गई. अधिकारियों ने कहा कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है और इसके कारण भूमि, जल और वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है.

रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को भी जागरूक करते हुए उनसे अपील की गई कि वे यात्रा के दौरान प्लास्टिक की बोतल, थैली और अन्य सिंगल यूज सामानों का कम से कम उपयोग करें. यात्रियों को यह भी बताया गया कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर पर्यावरण को सुरक्षित और संरक्षित रखा जा सकता है. अभियान के दौरान कई यात्रियों ने भी इस पहल की सराहना की और प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने में सहयोग देने का भरोसा दिलाया.

हेल्थ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति को इसमें अपनी भागीदारी निभानी होगी. उन्होंने कहा कि यदि आज से ही लोग सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम कर दें तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा.

मौके पर स्टेशन मैनेजर रजत सक्सेना सहित रेलवे के अन्य कर्मचारी और अधिकारी भी मौजूद रहे. सभी ने मिलकर स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण बनाए रखने का संदेश दिया.














Post a Comment

0 Comments