सुबह बक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उसकी मुलाकात कुछ अज्ञात युवकों से हुई. बातचीत के दौरान युवकों ने खुद को कोचस की ओर जाने वाला बताया और धीरे-धीरे युवक का विश्वास जीत लिया.
- बक्सर स्टेशन पर अज्ञात युवकों ने भरोसे में लेकर दिया वारदात को अंजाम
- नगदी और मोबाइल लेकर जमौली नहर किनारे बेसुध हालत में छोड़ भागे बदमाश
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : परदेस से कमाकर घर लौट रहे एक युवक को नशाखुरानी गिरोह ने अपना शिकार बना लिया. बदमाशों ने पहले युवक को भरोसे में लिया, फिर नशीला पदार्थ खिलाकर उसकी नगदी और मोबाइल लूट लिया. हैरानी की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरों ने युवक के ही मोबाइल फोन से उसके परिजनों को कॉल कर उसके बेहोश पड़े होने की जानकारी दी. घटना राजपुर थाना क्षेत्र के जमौली पुल के पास की है.
जानकारी के अनुसार रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र स्थित कपसिया गांव निवासी 25 वर्षीय धनजी गुप्ता बेंगलुरु में नौकरी करता है. वह गुरुवार की शाम ट्रेन से अपने घर लौट रहा था. शनिवार सुबह बक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उसकी मुलाकात कुछ अज्ञात युवकों से हुई. बातचीत के दौरान युवकों ने खुद को कोचस की ओर जाने वाला बताया और धीरे-धीरे युवक का विश्वास जीत लिया.
बताया जाता है कि रास्ते में बदमाशों ने खाने-पीने की किसी वस्तु में नशीला पदार्थ मिलाकर धनजी को खिला दिया. कुछ ही देर में वह अचेत हो गया. इसके बाद गिरोह के सदस्य उसका एंड्रॉइड मोबाइल फोन और नगदी लेकर फरार हो गए. बदमाश युवक को जमौली नहर किनारे बेसुध हालत में छोड़ गए.
वारदात के बाद बदमाशों ने युवक के मोबाइल से ही उसके परिजनों को फोन कर बताया कि धनजी जमौली पुल के पास बेहोशी की हालत में पड़ा है. सूचना मिलते ही परिजनों ने तत्काल राजपुर पुलिस को जानकारी दी.
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया गया. वहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार होने पर उसे घर भेज दिया गया.
थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है. आवेदन प्राप्त होने पर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.






.png)











0 Comments