गंगा की लहरों में समा गई मासूम की जिंदगी, त्रिमुहानी घाट पर मातम ..

सरकारी विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था. दूसरा शनिवार होने के कारण स्कूल बंद था, इसलिए वह दोस्तों के साथ घूमने चला गया था. परिवार को क्या पता था कि घर से हंसते हुए निकला मासूम कभी वापस नहीं लौटेगा. 






                               


खेलने निकला था घर से, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

घटना के बाद स्वजनों के साथ पूरे मोहल्ले में पसरा मातम

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : शहर के त्रिमुहानी घाट पर शनिवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में नौ वर्षीय मासूम की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल कायम हो गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. खुशियों और खेलकूद में बीत रहा दिन अचानक मातम में बदल गया.

जानकारी के अनुसार कोइरपुरवा मोहल्ला स्थित ईसाई कब्रिस्तान के समीप रहने वाले छोटेलाल का पुत्र बिट्टू कुमार शनिवार की दोपहर घर के आसपास के बच्चों के साथ घूमने निकला था. खेलते-कूदते सभी बच्चे त्रिमुहानी घाट पहुंच गए. इसी दौरान नहाने अथवा नदी किनारे खेलने के क्रम में बिट्टू अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. आसपास मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.

शाम करीब चार बजे घटना की सूचना परिवार वालों को मिली. खबर सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई और परिजन बदहवास हालत में घाट की ओर दौड़ पड़े. स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को नदी से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

परिजनों ने बताया कि बिट्टू कुमार पुराना बस स्टैंड स्थित सरकारी विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था. दूसरा शनिवार होने के कारण स्कूल बंद था, इसलिए वह दोस्तों के साथ घूमने चला गया था. परिवार को क्या पता था कि घर से हंसते हुए निकला मासूम कभी वापस नहीं लौटेगा.

घटना की सूचना मिलने पर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विनोद माली भी मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी. उन्होंने संबंधित थाना पुलिस को भी घटना की जानकारी दे दी. उन्होंने कहा कि मृतक के स्वजनो को जल्द ही मुआवजा दिलाने की पहल की जाएगी. मासूम की मौत के बाद पूरे मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.














Post a Comment

0 Comments