राज्य समुद्र पार नियोजन ब्यूरो, पटना की ओर से इजरायल में नौकरी के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. इस भर्ती प्रक्रिया के तहत योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों की नियुक्ति होम बेस्ड केयरगिवर यानी रोगी देखभाल सहायक पद पर की जाएगी.
24 मई तक जिला नियोजनालय में कर सकते हैं आवेदन, साक्षात्कार के जरिए होगा चयन
वीजा, आवास, भोजन समेत कई सुविधाएं देगी कंपनी, व्यवहारिक अंग्रेजी का ज्ञान जरूरी
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर. जिले के युवाओं के लिए विदेश में रोजगार पाने का शानदार अवसर सामने आया है. युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत राज्य समुद्र पार नियोजन ब्यूरो, पटना की ओर से इजरायल में नौकरी के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. इस भर्ती प्रक्रिया के तहत योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों की नियुक्ति होम बेस्ड केयरगिवर यानी रोगी देखभाल सहायक पद पर की जाएगी.
प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी बक्सर प्रणव प्रतीक ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 24 मई तक जिला नियोजनालय बक्सर में आवेदन जमा कर सकते हैं. चयनित उम्मीदवारों को कंपनी की ओर से करीब 1 लाख 99 हजार 770 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा. यह भुगतान 6443.85 NIS अथवा लगभग 2140.95 अमेरिकी डॉलर के बराबर होगा.
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से वीजा, वर्क परमिट, आवास, भोजन, बिजली और पानी जैसी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके साथ ही उम्मीदवारों को व्यवहारिक अंग्रेजी भाषा का ज्ञान होना अनिवार्य रखा गया है, ताकि कार्य के दौरान संवाद में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
इन योग्यताओं वाले अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन
इस भर्ती के लिए अभ्यर्थी का कम से कम मैट्रिक उत्तीर्ण होना जरूरी है. साथ ही अंग्रेजी भाषा की जानकारी भी आवश्यक होगी. अभ्यर्थियों के पास प्रतिष्ठित संस्थानों से कम से कम 990 घंटे का रोगी देखभाल प्रशिक्षण प्रमाणपत्र होना चाहिए. इसके अलावा नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, नर्स असिस्टेंट, GDA, ANM, GNM, BSc Nursing अथवा Post BSc Nursing से जुड़े अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं.
पासपोर्ट और उम्र सीमा का भी रखा गया है विशेष ध्यान
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास कम से कम तीन वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट होना चाहिए. वहीं अभ्यर्थियों की आयु सीमा 25 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है. अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा.
जिला नियोजनालय की ओर से युवाओं से अपील की गई है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर इस अवसर का लाभ उठाएं.






.png)











0 Comments