डुमरांव स्टेशन पर बड़ा हादसा: प्लेटफॉर्म के नीचे ट्रैक में गिरा यात्री, मची अफरा-तफरी!

घटना नई दिल्ली–पटना स्पेशल ट्रेन से जुड़े एक यात्री के साथ हुई, जो ट्रेन पर चढ़ने के दौरान अचानक संतुलन खो बैठा और सीधे ट्रैक पर जा गिरा. 

 





                               


नई दिल्ली–पटना स्पेशल ट्रेन पर चढ़ते समय हुआ हादसा

समाजसेवी और आरपीएफ-जीआरपी की तत्परता से बची जान 

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर जिले के डुमरांव रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक यात्री प्लेटफॉर्म नंबर 1 के नीचे ट्रैक में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना नई दिल्ली–पटना स्पेशल ट्रेन से जुड़े एक यात्री के साथ हुई, जो ट्रेन पर चढ़ने के दौरान अचानक संतुलन खो बैठा और सीधे ट्रैक पर जा गिरा. मौके पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया और कुछ समय के लिए स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

घायल यात्री की पहचान गुड्डू पटेल (उम्र लगभग 30 वर्ष), पिता शंभू पटेल, निवासी पूर्वी गनौली, थाना बेतिया मुफस्सिल, जिला पश्चिम चंपारण के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि गुड्डू पटेल निर्माणाधीन डुमरांव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हेल्पर के रूप में कार्यरत है और कार्य समाप्त कर अपने घर लौट रहा था, तभी यह दुर्घटना हो गई.

हादसे के बाद स्टेशन पर मौजूद समाजसेवी सह रेल यात्री कल्याण समिति के अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने आरपीएफ के डी के सिंह और जीआरपी के तारकेश्वर पंडित के सहयोग से घायल यात्री को ट्रैक से सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद बिना समय गंवाए एम्बुलेंस की मदद से उसे अनुमंडलीय अस्पताल डुमरांव भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि समय रहते राहत और बचाव कार्य नहीं किया जाता तो हादसा और गंभीर हो सकता था. घटना के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं, खासकर प्लेटफॉर्म के नीचे सुरक्षा इंतजामों को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

फिलहाल घायल यात्री की हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी कर रही है. रेलवे प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है.














Post a Comment

0 Comments