अग्नि पीड़ितों के आंसू पोंछने गोगौरा गांव पहुंची रेड क्रॉस की टीम, बांटी राहत सामग्री ..

कहा कि गर्मी के मौसम में थोड़ी सी असावधानी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है. उन्होंने कहा कि बीड़ी-सिगरेट पीने वाले लोग जलती हुई तीली या टुकड़ा इधर-उधर न फेंकें. 






                               


  • गोगौरा गांव के प्रभावित परिवारों के बीच बर्तन, तिरपाल और खाद्य सामग्री का हुआ त्वरित वितरण
  • रेड क्रॉस सचिव और आपदा प्रभारी ने ग्रामीणों को लू और आग से बचाव के लिए किया जागरूक

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : संकट की घड़ी में मदद का हाथ बढ़ाना ही सच्ची मानवता है. इसी सेवा भावना के तहत बुधवार को बक्सर रेड क्रॉस सोसाइटी की टीम दलसागर पंचायत के गोगौरा गांव पहुंची, जहां हाल ही में हुई भीषण अगलगी की घटना से प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया. राहत सामग्री मिलने के बाद पीड़ित परिवारों के चेहरे पर राहत और संतोष देखने को मिला.

रेड क्रॉस की टीम ने त्वरित पहल करते हुए अग्नि पीड़ित परिवारों — मिथलेश राम, जितेंद्र कुमार राम, राजमति देवी और सुखारी राम — को जरूरी घरेलू सामान उपलब्ध कराया. राहत सामग्री में बर्तन, तिरपाल, बाल्टी और खाद्य सामग्री शामिल थी, ताकि प्रभावित परिवार अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा कर सकें और दोबारा सामान्य जीवन की शुरुआत कर सकें.

राहत वितरण के दौरान रेड क्रॉस के सचिव डॉ. श्रवण कुमार तिवारी ने ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को आग से बचाव और गर्मी में सावधानी बरतने के प्रति जागरूक किया. उन्होंने कहा कि पछुआ हवा और तेज धूप शुरू होने से पहले सुबह में ही भोजन बना लेना चाहिए. खाना बनने के बाद चूल्हे की आग को पूरी तरह बुझा देना जरूरी है. उन्होंने रसोई के पास हमेशा पानी से भरी बाल्टी रखने की सलाह दी और कहा कि तेज हवा या लू चलने के दौरान आग जलाने से बचना चाहिए. साथ ही छोटे बच्चों को लगातार पानी पिलाते रहने की अपील की, ताकि वे डिहाइड्रेशन का शिकार न हों.

वहीं, आपदा प्रभारी राजीव सिंह ने लोगों को चेताते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में थोड़ी सी असावधानी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है. उन्होंने कहा कि बीड़ी-सिगरेट पीने वाले लोग जलती हुई तीली या टुकड़ा इधर-उधर न फेंकें. साथ ही गैस सिलेंडर का उपयोग करने वाले लोग काम समाप्त होने के बाद रेगुलेटर को जरूर बंद करें. उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए लोगों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए.

इस राहत एवं जागरूकता अभियान के दौरान गोगौरा गांव के सहायक अवधेश जी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. ग्रामीणों ने रेड क्रॉस की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में मिली यह सहायता पीड़ित परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हुई है.














Post a Comment

0 Comments