आरोप है कि नगर परिषद की जमीन से रात के अंधेरे में पोकलेन मशीन लगाकर धड़ल्ले से मिट्टी काटी जा रही है और उसे बाजार में बेचा जा रहा है.
- सिंगरई पोखरा में पोकलेन का आतंक, रात 9 बजे तक धड़ल्ले से कटती रही मिट्टी
- पूर्व वार्ड पार्षद बोले- बिना मिलीभगत के नहीं हो सकता इतना बड़ा खेल
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर परिषद क्षेत्र के सोहनी पट्टी स्थित सिंगरई पोखरा में मिट्टी चोरी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. आरोप है कि नगर परिषद की जमीन से रात के अंधेरे में पोकलेन मशीन लगाकर धड़ल्ले से मिट्टी काटी जा रही है और उसे बाजार में बेचा जा रहा है. हैरानी की बात यह है कि एसडीएम के निर्देश के बाद भी गुरुवार की रात करीब 9 बजे तक मौके पर मिट्टी कटाई का काम जारी रहा.
पूर्व वार्ड पार्षद राकेश कुमार सिंह ने एसडीएम को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है. उनका आरोप है कि कई दिनों से लगातार पोखरे की मिट्टी निकाली जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे हुए हैं. राकेश कुमार सिंह ने साफ तौर पर कहा कि नगर परिषद के जिम्मेदार लोगों की मिलीभगत के बिना इतना बड़ा खेल संभव नहीं है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी जमीन को खुलेआम खोदा जा रहा है, लेकिन रोक लगाने वाला कोई नहीं है. लोगों ने सवाल उठाया कि जब प्रशासन खुद जांच की बात कह रहा है तो फिर रात में मशीनें कैसे चलती रहीं. इससे अधिकारियों की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
आरोप यह भी है कि मौके पर न तो कोई टेंडर बोर्ड लगाया गया है और न ही किसी योजना की जानकारी दी गई है. ऐसे में पूरे खेल को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
एसडीएम अविनाश कुमार ने बताया कि नगर परिषद के ईओ को जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया गया है. ईओ ने बताया है कि काम रुकवा दिया गया है.
एसडीम के इस बयान के बाद जब मामले की तफ्तीश की गई तो पाया गया कि गुरुवार रात 9 बजेतक खनन जारी है. ऐसे में देखने वाली बात यह होगी कि जिला मुख्यालय में जारी अवैध खनन के इस खेल पर प्रशासन क्या संज्ञान लेता है?






.png)











0 Comments