दो टूक कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि खराब मौसम या तेज हवा की स्थिति में नावों का संचालन तुरंत रोक दिया जाए.
- बरगी डैम हादसे के बाद बक्सर प्रशासन अलर्ट, गंगा घाटों पर बढ़ी निगरानी,
- रामरेखा घाट पर एसडीएम-एसडीपीओ का औचक निरीक्षण, नाविकों को सख्त चेतावनी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है, जिसका असर अब बक्सर में भी साफ दिखने लगा है. इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए गंगा घाटों की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है. रविवार को सदर एसडीएम अविनाश कुमार और एसडीपीओ गौरव पांडेय ने रामरेखा घाट का निरीक्षण कर नाव संचालन से जुड़े नियमों की गहन समीक्षा की.
प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अब घाटों पर “नो सेफ्टी, नो सफर” का नियम सख्ती से लागू रहेगा. बिना लाइफ जैकेट किसी भी यात्री को नाव पर बैठाने की अनुमति नहीं होगी. साथ ही सभी नाविकों के लिए पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट रखना अनिवार्य कर दिया गया है. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नाविकों, पंडा समाज और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताया. एसडीएम अविनाश कुमार ने दो टूक कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि खराब मौसम या तेज हवा की स्थिति में नावों का संचालन तुरंत रोक दिया जाए.
वहीं एसडीपीओ गौरव पांडेय ने पुलिस प्रशासन को घाटों पर लगातार निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी.
प्रशासन की इस सख्ती के बाद घाट क्षेत्र में सतर्कता बढ़ गई है और लोगों में भी सुरक्षा नियमों को लेकर जागरूकता देखने को मिल रही है. आने वाले दिनों में घाटों पर नियमित जांच और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की संभावना जताई जा रही है.






.png)











0 Comments