मामा की शादी में शामिल होने आए दो मासूमों की सड़क हादसे में मौत, खुशियां मातम में बदली ..

दोनों बच्चे अपने ननिहाल स्थित घर के समीप मुख्य सड़क किनारे खड़े थे. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और दोनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए. 

रोते-बिलखते स्वजन (इनसेट में बच्चों की तस्वीर)





                               


  • अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़े बच्चों को कुचला, मौके पर ही तोड़ा दम 
  • 30 अप्रैल को हुई थी शादी, लौटने से पहले ही हादसे ने छीन ली जिंदगी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : मुरार थाना क्षेत्र के बैदा गांव के समीप रविवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई. मामा की शादी में शामिल होने आए बच्चों की मौत से खुशियों भरा माहौल पल भर में मातम में बदल गया. पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मिली जानकारी के अनुसार बैदा से चौगाईं की ओर मिट्टी लादकर जा रहा एक ट्रैक्टर बैदा गांव के समीप अचानक अनियंत्रित हो गया. सड़क किनारे खड़े दो बच्चों को उसने अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बच्चों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोग जुट गए.

मासूमों की पहचान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतकों की पहचान रोहतास जिले के नटवार थाना क्षेत्र के मुसवट गांव निवासी 12 वर्षीय आनंद शर्मा, पिता जय कुमार शर्मा तथा कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव निवासी 6 वर्षीय आरडी शर्मा, पिता विकास शर्मा के रूप में हुई है. बताया जाता है कि आरडी अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं
परिजनों के अनुसार दोनों बच्चे अपने मामा दुर्गेश शर्मा, पिता सुरेश शर्मा की शादी में शामिल होने बैदा गांव आए थे. 30 अप्रैल को शादी संपन्न हुई थी और घर में खुशियों का माहौल था. रिश्तेदार धीरे-धीरे वापस लौट रहे थे और आनंद व आरडी का परिवार भी एक-दो दिनों में घर लौटने की तैयारी में था.

सड़क किनारे खड़े थे बच्चे, अचानक हुआ हादसा
घटना के समय दोनों बच्चे अपने ननिहाल स्थित घर के समीप मुख्य सड़क किनारे खड़े थे. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और दोनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए. हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.

पुलिस जांच में जुटी, चालक की तलाश जारी
सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया. थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और चालक की तलाश जारी है. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है.














Post a Comment

0 Comments