वहां मौजूद एक अज्ञात यात्री ने बिना देर किए उनका हाथ पकड़ लिया. उसने पूरी ताकत से कामेश्वर पासवान को तब तक थामे रखा, जब तक पूरी ट्रेन गुजर नहीं गई.
- बक्सर स्टेशन पर दिल दहला देने वाली घटना
- सोशल मीडिया पर वायरल हुआ बहादुरी का वीडियो
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर रेलवे स्टेशन पर एक छोटी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती थी, लेकिन मौके पर मौजूद एक अनजान यात्री की सूझबूझ और बहादुरी ने एक व्यक्ति की जिंदगी बचा ली. प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के निवासी 53 वर्षीय कामेश्वर पासवान पटना-नई दिल्ली सुपरफास्ट ट्रेन संख्या 03293 पकड़ने के लिए स्टेशन पहुंचे थे. वे स्लीपर कोच में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे, तभी ट्रेन चल पड़ी. इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ा और वे प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच खतरनाक गैप में गिर गए.
स्थिति बेहद भयावह हो गई थी क्योंकि ट्रेन धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही थी. ऐसे में वहां मौजूद एक अज्ञात यात्री ने बिना देर किए उनका हाथ पकड़ लिया. उसने पूरी ताकत से कामेश्वर पासवान को तब तक थामे रखा, जब तक पूरी ट्रेन गुजर नहीं गई. प्लेटफॉर्म और पटरी के बीच की संकरी जगह में फंसे रहना ही उनकी जान बचने की सबसे बड़ी वजह बना.
ट्रेन गुजरने के बाद आसपास मौजूद अन्य यात्रियों ने मिलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला. इस पूरी घटना को एक अन्य यात्री ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) मौके पर पहुंची और घायल यात्री को रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई. राहत की बात यह रही कि इस खौफनाक हादसे में उन्हें केवल पैरों में हल्की चोट आई और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं.
आरपीएफ प्रभारी nirikshak कुंदन कुमार ने बताया कि यह हादसा चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान हुआ. उन्होंने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें. “जीवन अनमोल है. एक ट्रेन छूट जाने से कुछ नहीं होता, लेकिन जान चली जाए तो उसकी भरपाई संभव नहीं है.”
वीडियो :






.png)











0 Comments